बुधवार, 7 अक्टूबर 2026

गौतम्बुद्धनगर: सेवा संकल्प अभियान में गूंजा विकसित भारत का संकल्प, जेपी नड्डा ने प्रज्वलित की सेवा ज्योति; ग्रेटर नोएडा में निकली भव्य सेवा ज्योति यात्रा!!

शेयर करें:

गौतम्बुद्धनगर: सेवा संकल्प अभियान में गूंजा विकसित भारत का संकल्प, जेपी नड्डा ने प्रज्वलित की सेवा ज्योति; ग्रेटर नोएडा में निकली भव्य सेवा ज्योति यात्रा!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//ग्रेटर नोएडा। सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को इंडिया एक्सपो मार्ट एंड सेंटर, ग्रेटर नोएडा में विकसित भारत संकल्प सभा एवं सेवा ज्योति यात्रा का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का एलईडी स्क्रीन के माध्यम से लाइव प्रसारण किया गया। बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और गणमान्य नागरिकों ने प्रधानमंत्री का संबोधन सुना और विकसित भारत के निर्माण के संकल्प को दोहराया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक मंत्री जे.पी. नड्डा रहे। उनके साथ जनपद के प्रभारी मंत्री बृजेश सिंह, राज्यसभा सांसद सुरेंद्र नागर, सांसद डॉ. महेश शर्मा, दादरी विधायक तेजपाल नागर और जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

प्रधानमंत्री के संबोधन के लाइव प्रसारण के बाद केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा ने सेवा ज्योति प्रज्वलित कर सेवा ज्योति यात्रा का शुभारंभ किया। यात्रा इंडिया एक्सपो मार्ट से शुरू होकर ग्रेटर नोएडा स्थित गुर्जर सेवा संस्थान तक पहुंची। यात्रा में लोगों ने उत्साह के साथ भाग लिया और सेवा, सुशासन, विकास तथा जनकल्याण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

‘25 वर्ष जनसेवा से राष्ट्रसेवा’ पर आधारित प्रदर्शनी बनी आकर्षण का केंद्र

कार्यक्रम स्थल पर ‘25 वर्ष जनसेवा से राष्ट्रसेवा’ की थीम के साथ केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास परियोजनाओं और देश-प्रदेश की विकास यात्रा पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई गई। प्रदर्शनी के माध्यम से आमजन को सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी दी गई।

प्रदर्शनी में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और विकासपरक कार्यक्रमों को प्रदर्शित किया गया, जिसका उपस्थित लोगों ने अवलोकन किया। लोगों को केंद्र एवं राज्य सरकार की ओर से संचालित योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने और विकास कार्यों में जनभागीदारी बढ़ाने के संबंध में भी जानकारी दी गई।

सेवा, सुशासन और जनभागीदारी का दिया संदेश

विकसित भारत संकल्प सभा के दौरान वक्ताओं ने सेवा, सुशासन, विकास और जनकल्याण को सरकार की प्राथमिकताओं से जोड़ते हुए विकसित भारत के निर्माण में समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों से राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया गया।

सेवा ज्योति यात्रा के माध्यम से भी सेवा और जनकल्याण की भावना को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का संदेश दिया गया। आयोजन में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी ने कार्यक्रम को भव्य स्वरूप प्रदान किया।

सूचना विभाग, गौतमबुद्धनगर के सौजन्य से जारी जानकारी के अनुसार, सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य सेवा, सुशासन, विकास और जनकल्याण के संदेश को व्यापक स्तर पर जन-जन तक पहुंचाना तथा विकसित भारत के निर्माण में सामूहिक भागीदारी को बढ़ावा देना रहा।।