गौतमबुद्धनगर: 5.6 किलो गांजे के साथ तस्कर गिरफ्तार, सूरजपुर पुलिस ने दबोचा—आरोपी पर पहले से दर्ज हैं तीन मुकदमे!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा। थाना सूरजपुर पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 5 किलो 600 ग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पहले से भी एनडीपीएस एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के मुताबिक, 6 अक्टूबर 2026 को थाना सूरजपुर पुलिस को लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के जरिए गांजा तस्करी की जानकारी मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए ओसिस सोसाइटी गोलचक्कर से दादरी न्यू जंक्शन की ओर जाने वाले रास्ते से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान उस्मान पुत्र देमुल खान, निवासी ग्राम मऊखेड़ा, थाना कोतवाली शहर, बुलंदशहर, हाल निवासी घंटा गोलचक्कर, थाना सूरजपुर, गौतमबुद्धनगर, उम्र करीब 32 वर्ष के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 5 किलो 600 ग्राम गांजा बरामद किया गया।
आरोपी पर पहले से दर्ज हैं मुकदमे
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार उस्मान के खिलाफ थाना सूरजपुर में पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2024 में धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा, वर्ष 2025 में धारा 109 बीएनएस के तहत मुकदमा तथा वर्ष 2026 में फिर धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है।
पुलिस ने बरामद गांजे को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।
