बुधवार, 7 अक्टूबर 2026

गौतमबुद्धनगर: शनि अमावस्या पर नोएडा में गूंजेगा शनिदेव का जयघोष, महायज्ञ-भजन संध्या और भव्य झांकियों का होगा आयोजन!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: शनि अमावस्या पर नोएडा में गूंजेगा शनिदेव का जयघोष, महायज्ञ-भजन संध्या और भव्य झांकियों का होगा आयोजन!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

पितृदोष निवारण एवं शनि शांति महायज्ञ में पितरों के नाम से श्रद्धालु देंगे आहुति, विशाल भंडारे की भी रहेगी व्यवस्था

दो टूक//नोएडा। शनि अमावस्या एवं पितृ अमावस्या के पावन अवसर पर शनिवार, 10 अक्टूबर को यमुना पुस्ता मार्ग, सेक्टर-14ए के सामने स्थित श्री सिद्ध पीठ शनि मंदिर में भव्य धार्मिक आयोजन किया जाएगा। शनि सेवा समिति (पंजी.), नोएडा की ओर से आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में पितृदोष निवारण एवं शनि शांति महायज्ञ, सुंदरकांड पाठ, विशाल भंडारा, भजन संध्या और आकर्षक धार्मिक झांकियां श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

कार्यक्रम की जानकारी बुधवार को नोएडा मीडिया क्लब में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान समिति के पदाधिकारियों ने दी। समिति के अध्यक्ष ठा. मानसिंह चौहान ने बताया कि शनिवार को सुबह 10:30 बजे विद्वान आचार्य श्री पीसी भट्ट एवं उनकी टीम द्वारा विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ पितृदोष निवारण एवं शनि शांति महायज्ञ कराया जाएगा। श्रद्धालु अपने पितरों के नाम से यज्ञ में आहुति देकर शनिदेव महाराज का आशीर्वाद प्राप्त कर सकेंगे।

उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं के लिए सुबह 11 बजे से विशाल भंडारे एवं प्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई है। इसके बाद शाम 4 बजे सुंदरकांड पाठ का आयोजन होगा। सुंदरकांड के समापन के पश्चात भजन संध्या एवं मनमोहक धार्मिक झांकियों की प्रस्तुति की जाएगी।

आयोजन के क्रम में शाम 7 बजे संध्याकालीन आरती होगी, जबकि शाम 7:30 बजे से रात 10 बजे तक भजन संध्या और धार्मिक झांकियों का आयोजन किया जाएगा। आयोजकों को उम्मीद है कि बड़ी संख्या में श्रद्धालु कार्यक्रम में पहुंचकर धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लेंगे।

समिति के मंत्री एडवोकेट राजीव कुमार मिश्रा ने बताया कि शनि अमावस्या एवं पितृ पर्व के अवसर पर नोएडा के मंदिर के साथ-साथ वर्ष 2003 से श्री सिद्ध पीठ शनि धाम मंदिर, ग्वालियर (मध्य प्रदेश) में भी शनि मंदिर नोएडा की प्रबंध कमेटी द्वारा भंडारे की व्यवस्था कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि आयोजन समिति के अनुसार ग्वालियर स्थित शनि मंदिर त्रेतायुग से प्रसिद्ध है। अक्टूबर 2003 में इसी मंदिर से अखंड ज्योति नोएडा लाई गई थी। उसी अमृत पत्थर से निर्मित शनिदेव महाराज की प्रतिमा वर्तमान में नोएडा स्थित श्री सिद्ध पीठ शनि मंदिर में विराजमान है।


सांसद और जनप्रतिनिधि भी होंगे शामिल

आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में सांसद डॉ. महेश शर्मा कार्यक्रम अध्यक्ष के रूप में मौजूद रहेंगे। वहीं उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री कृष्णपाल मलिक, विधायक पंकज सिंह और भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल होंगे।

समिति पदाधिकारियों ने सभी शनि भक्तों एवं श्रद्धालुओं से अपील की है कि वर्ष की अंतिम शनि अमावस्या के इस पावन अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में मंदिर पहुंचें। श्रद्धालु महायज्ञ में अपने पितरों के नाम से आहुति देकर पितृदोष निवारण एवं शनि शांति की कामना करें तथा सुंदरकांड, आरती, भजन संध्या और धार्मिक झांकियों में शामिल होकर प्रसाद ग्रहण करें।