बुधवार, 7 अक्टूबर 2026

गौतमबुद्धनगर: मोरना दुकान चोरी का पुलिस ने किया खुलासा, चार सदस्यीय गैंग गिरफ्तार; चोरी का सामान, सब्बल और दो अवैध चाकू बरामद!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: मोरना दुकान चोरी का पुलिस ने किया खुलासा, चार सदस्यीय गैंग गिरफ्तार; चोरी का सामान, सब्बल और दो अवैध चाकू बरामद!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। थाना सेक्टर-24 पुलिस ने घर और दुकानों में चोरी करने वाले एक गैंग का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही से चोरी किया गया दुकान का सामान, गैस सिलेंडर, मुहर, चेकबुक, घड़ी, क्रेडिट कार्ड और सीसीटीवी कैमरा बरामद किया है। इसके अलावा चोरी की वारदात में इस्तेमाल की जाने वाली लोहे की सब्बल और दो अवैध चाकू भी पुलिस के हाथ लगे हैं।

पुलिस के अनुसार, 6 अक्टूबर 2026 को थाना सेक्टर-24 पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को सिटी सेंटर से सेक्टर-12/22 की ओर जाने वाले रास्ते से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सत्यम कुमार, विकास, अमन जाटव और कृष्णा के रूप में हुई है।

पूछताछ में सामने आया कि सत्यम कुमार गैंग का कथित सरगना है। पुलिस के मुताबिक आरोपी बंद मकान और दुकानों को निशाना बनाते थे। लोहे की सब्बल से ताले और शटर तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद चोरी का सामान सुनसान स्थानों पर छिपा देते थे।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने 2 अक्टूबर 2026 को ग्राम मोरना स्थित एक दुकान का शटर तोड़कर उसमें रखा सामान चोरी किया था। चोरी के बाद सामान को सेक्टर-33ए, नोएडा में गंदे नाले के पास छिपा दिया गया था। इसके बाद आरोपी चोरी के सामान को थोड़ा-थोड़ा करके आसपास के गांवों में घूम-घूमकर मजदूरों को बेचते थे। बिक्री से मिली रकम को आपस में बांटकर निजी खर्च और मौज-मस्ती में खर्च करते थे।

दुकान से चोरी किया गया काफी सामान बरामद

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर दुकान की बिक्री का सामान बरामद किया है। इसमें 102 डिब्बी सिगरेट, एक टिन सरसों का तेल, तीन पेटी रिफाइंड तेल, 10 पैकेट चोको पाई, 51 पैकेट चिप्स, 107 पैकेट नमकीन और तीन पैकेट गुटखा/तंबाकू शामिल हैं।

इसके अलावा पुलिस ने एक गैस सिलेंडर, दो मुहर, दो चेकबुक, एक घड़ी, एक क्रेडिट कार्ड और एक सीसीटीवी कैमरा भी बरामद किया है। चोरी में इस्तेमाल की गई लोहे की सब्बल तथा आरोपी सत्यम कुमार और विकास के कब्जे से दो अवैध चाकू भी बरामद किए गए हैं।

तीन मुकदमों का हुआ खुलासा

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना सेक्टर-24 में मु0अ0सं0 515/2026, धारा 317(5) बीएनएस व 4/25 आर्म्स एक्ट तथा मु0अ0सं0 513/2026, धारा 305(ए)/317(2)/331(4)/3(5) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया है। इसके अलावा थाना सेक्टर-58 में दर्ज मु0अ0सं0 303/2026, धारा 305(ए) बीएनएस का मामला भी सामने आया है।

गिरफ्तार आरोपियों में सत्यम कुमार (20), विकास (20), अमन जाटव (19) और कृष्णा (18) शामिल हैं। पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक इतिहास और गैंग से जुड़े अन्य संभावित सदस्यों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।