गौतमबुद्धनगर पुलिस में बड़ा फेरबदल, पांच एडीसीपी के कार्यक्षेत्र बदले!!
पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने किए व्यापक तबादले, मनीषा सिंह को ट्रैफिक एवं महिला सुरक्षा की जिम्मेदारी
दो टूक//नोएडा। गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट में कानून-व्यवस्था, यातायात, महिला सुरक्षा और साइबर अपराध की व्यवस्थाओं को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने अपर पुलिस उपायुक्त (एडीसीपी) स्तर के पांच अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं।
तबादला आदेश के तहत मनीषा सिंह को अपर पुलिस उपायुक्त ट्रैफिक एवं महिला सुरक्षा की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं अभय कुमार मिश्रा को एडीसीपी नोएडा जोन बनाया गया है। संतोष कुमार को एडीसीपी ग्रेटर नोएडा जोन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसी क्रम में अर्चना सिंह को एडीसीपी अपराध-हेडक्वार्टर की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि शैव्या गोयल को एडीसीपी अपराध, अभिसूचना एवं साइबर सुरक्षा का प्रभार सौंपा गया है।
पुलिस कमिश्नरेट में किए गए इस फेरबदल को महत्वपूर्ण प्रशासनिक बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है। अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां मिलने के बाद अब संबंधित क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, यातायात प्रबंधन, महिला सुरक्षा और साइबर अपराध से निपटने की कार्रवाई को और गति मिलने की उम्मीद है।
पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशों के तहत अधिकारियों को अपने-अपने कार्यक्षेत्र में प्रभावी पुलिसिंग, अपराध नियंत्रण और आमजन की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं। नए दायित्वों के साथ अधिकारियों के सामने अपने-अपने क्षेत्रों में पुलिस व्यवस्था को और मजबूत करने की चुनौती होगी।।
