गौतमबुद्धनगर: पत्नी से विवाद के बाद सेक्टर-81 मेट्रो के पास नाले में कूदा 29 वर्षीय युवक, तलाश जारी!!
शराब पीने को लेकर पत्नी से हुआ था विवाद, गुस्से में नाले में कूदने की सूचना से मचा हड़कंप; दमकल टीम ने नाले में उतरकर शुरू किया सर्च ऑपरेशन
दो टूक//नोएडा। नोएडा के सेक्टर-81 मेट्रो स्टेशन के पास बुधवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब एक 29 वर्षीय युवक के गंदे नाले में कूदने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही थाना सेक्टर-39 पुलिस के साथ अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और युवक की तलाश शुरू कर दी। देर रात तक युवक का कोई पता नहीं चल सका था। नाले में पानी और मलबा होने के कारण सर्च ऑपरेशन में टीम को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 07 अक्टूबर 2026 को थाना सेक्टर-39 पर डायल-112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि रवि पुत्र विनोद, निवासी ग्राम जैनपुरा, थाना जलेसर, एटा, वर्तमान निवासी हरौला, थाना फेस-1, गौतमबुद्धनगर, उम्र करीब 29 वर्ष, सेक्टर-81 मेट्रो स्टेशन के पास स्थित गंदे नाले में कूद गया है।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर सर्विस यूनिट तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस के मुताबिक, मौके पर मौजूद रवि की पत्नी ने बताया कि शराब पीने को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। इसी विवाद के बाद रवि गुस्से में आकर नाले में कूद गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए अग्निशमन विभाग की टीम ने तत्काल नाले में उतरकर युवक की तलाश शुरू कर दी। टीम द्वारा नाले के अंदर लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। नाले में पानी के साथ बड़ी मात्रा में मलबा होने के कारण युवक की तलाश में दिक्कतें आ रही हैं।
पुलिस और दमकल विभाग की टीम लगातार युवक की तलाश में जुटी हुई है। इसके साथ ही एसडीआरएफ/एनडीआरएफ यूनिट को भी मौके के लिए रवाना किया गया है, ताकि सर्च ऑपरेशन को और तेज किया जा सके। फिलहाल युवक के नाले में मिलने की पुष्टि नहीं हुई है और तलाश अभियान लगातार जारी है।
पुलिस और राहत-बचाव टीमों की कार्रवाई के चलते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। देर रात तक नाले में सर्च ऑपरेशन जारी रहा।
