रविवार, 18 अक्टूबर 2026

गौतमबुद्धनगर: दुर्गा पंडालों की सुरक्षा को लेकर नोएडा पुलिस अलर्ट, एसीपी ने किया पैदल गश्त और चेकिंग!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: दुर्गा पंडालों की सुरक्षा को लेकर नोएडा पुलिस अलर्ट, एसीपी ने किया पैदल गश्त और चेकिंग!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

संदिग्ध वाहनों की जांच, यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने और पीसीआर-पीआरवी को लगातार गश्त करने के निर्देश

दो टूक//नोएडा। शारदीय नवरात्र के दौरान दुर्गा पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट सतर्क है। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में पुलिस अधिकारियों द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया जा रहा है। इसी क्रम में नोएडा के थाना सेक्टर-126 क्षेत्र में स्थित दुर्गा पंडाल में पुलिस टीम ने चेकिंग और पैदल गश्त कर सुरक्षा इंतजामों का निरीक्षण किया।

डीसीपी नोएडा साद मिया खान और एडीसीपी नोएडा अभय कुमार मिश्रा के पर्यवेक्षण में एसीपी-1 नोएडा प्रवीण कुमार सिंह ने पुलिस बल के साथ दुर्गा पंडाल के आसपास पैदल गश्त की। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के साथ ही मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्कता बरतने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।

एसीपी ने संबंधित पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि क्षेत्र में संदिग्ध प्रतीत होने वाले वाहनों की बैरिकेडिंग लगाकर गहनता से जांच की जाए। इसके साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखा जाए, ताकि दुर्गा पंडाल में आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।

उन्होंने पीसीआर और पीआरवी वाहनों को लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहने तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने के लिए निर्देशित किया। पुलिसकर्मियों को सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

गौतमबुद्धनगर पुलिस द्वारा त्योहार के दौरान शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए गश्त और चेकिंग पर जोर दिया जा रहा है, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित माहौल में धार्मिक आयोजनों में शामिल हो सकें।।