शनिवार, 17 अक्टूबर 2026

गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा में मासूम का अपहरण कर दो लाख में बेचा, तीन बदमाश घायल; दो महिलाओं समेत सात गिरफ्तार!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: ग्रेटर नोएडा में मासूम का अपहरण कर दो लाख में बेचा, तीन बदमाश घायल; दो महिलाओं समेत सात गिरफ्तार!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//ग्रेटर नोएडा, 17 अक्टूबर। ग्रेटर नोएडा के कासना थाना क्षेत्र में छह साल के मासूम बच्चे के अपहरण और खरीद-फरोख्त के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान तीन बदमाशों को गोली लगने के बाद गिरफ्तार किया, जबकि दो अन्य आरोपियों और दो महिलाओं को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार कर अपहृत बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया। आरोपियों के कब्जे से तीन अवैध तमंचे, कारतूस, वारदात में इस्तेमाल कार और मोटरसाइकिल समेत नकदी बरामद हुई है।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने कथित तौर पर मासूम का अपहरण कर उसे दो लाख रुपये में बेच दिया था। सौदे के तहत ढाई लाख रुपये और मिलने थे। पुलिस अब इस मामले में बच्चे की खरीद-फरोख्त से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

खेलते समय लापता हुआ था छह साल का बच्चा

पुलिस के मुताबिक, 14 अक्टूबर 2026 को एक व्यक्ति ने थाना कासना में सूचना दी कि उसका करीब छह साल का बेटा 13 अक्टूबर को घर से खेलते-खेलते कहीं चला गया था और वापस नहीं लौटा। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 207/2026 के तहत बीएनएस की धारा 137(2) में मामला दर्ज कर बच्चे की तलाश शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस को गोपनीय सूचना मिली कि कुछ आरोपी ग्राम डाढ़ा के पास बच्चा चोरी की वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने डाढ़ा गोलचक्कर के पास चेकिंग शुरू कर दी।

पुलिस पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में तीन बदमाश घायल

17 अक्टूबर को चेकिंग के दौरान पुलिस ने सामने से आ रही एक संदिग्ध कार को रुकने का इशारा किया। आरोप है कि कार सवारों ने रुकने के बजाय तेज रफ्तार से भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने पीछा किया तो कार पेड़ से टकराकर रुक गई। इसके बाद कार सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए भागने की कोशिश की।

पुलिस के अनुसार, आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में तीन बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए। उनकी पहचान गुरमीत सिंह, सुमित कुमार और अंकित कुमार के रूप में हुई। पुलिस ने इनके कब्जे से तीन अवैध तमंचे, तीन खोखा कारतूस, तीन जिंदा कारतूस, नकदी और वारदात में इस्तेमाल औरा कार बरामद की।

पुलिस ने घायल आरोपियों की निशानदेही पर विकास और नकुल को ग्राम डाढ़ा गोलचक्कर से गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और नकदी बरामद हुई। इसके बाद पुष्पा और कमलेश नाम की दो महिलाओं को कासना क्षेत्र के छह प्रतिशत इलाके से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने इनके कब्जे से अपहृत बच्चे को बरामद कर लिया।

दो लाख रुपये में बच्चे का सौदा, ढाई लाख और मिलने थे

पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अंकित ने अपने साथी नकुल के साथ मिलकर 13 अक्टूबर की शाम काशीराम अस्पताल के सामने से बच्चे का अपहरण किया था। इसके बाद वे बच्चे को औरा कार से गाजियाबाद ले गए थे।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी सुमित ने पूछताछ में बताया कि उसकी मामी पुष्पा ने उसे जानकारी दी थी कि दिल्ली निवासी कमलेश एक नाबालिग बच्चे को खरीदने के बदले रुपये देने के लिए तैयार है। इसके बाद कथित तौर पर बच्चे को बेचने की योजना बनाई गई और अंकित, नकुल तथा कार चालक गुरमीत को इसमें शामिल किया गया। विकास भी इस मामले में आरोपियों के साथ शामिल था।

पुलिस के अनुसार, बच्चे को सौंपने के बदले आरोपियों को कुल दो लाख रुपये मिले थे, जबकि ढाई लाख रुपये बाद में दिए जाने थे। पुलिस अब इस कथित सौदे में शामिल अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क की भूमिका की जांच कर रही है।

नकदी, कार, बाइक और हथियार बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल औरा कार और स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। इसके अलावा गुरमीत, अंकित और सुमित के हिस्से के डेढ़ लाख रुपये, विकास और नकुल से 20-20 हजार रुपये तथा आरोपी पुष्पा से 32,800 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। तीन अवैध तमंचे, तीन खोखा कारतूस और तीन जिंदा कारतूस भी बरामद हुए हैं।

पुलिस के मुताबिक, इस मामले में थाना कासना में बीएनएस की धारा 137(2), 143(4), 3(5) और 61(2) के तहत मुकदमा दर्ज है। वहीं, गुरमीत, अंकित और सुमित के खिलाफ थाना सिकंदराबाद, बुलंदशहर में बीएनएस की धारा 109(1) और आर्म्स एक्ट की धाराओं 3/25/27 के तहत भी मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने सातों आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस कथित अपहरण, बच्चे की खरीद-फरोख्त और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।।