शुक्रवार, 16 अक्टूबर 2026

गोण्डा- इटियाथोक ब्लाक के अयाह रामलीला में टीम सहित पहुंचे क्षेत्रीय विधायक विनय द्विवेदी व छात्र नेता शिवम पाड़े, विधायक से हुई खास मांग

शेयर करें:
गोण्डा।
ब्लाक क्षेत्र इटियाथोक के अयाह गांव स्थित मात कोटरा मंदिर परिसर में 11 अक्टूबर से स्थानीय कलाकारों के सहयोग से रामलीला मंचन का भव्य कार्यक्रम चल रहा है। शुक्रवार की बीती रात यहां कलेवा खिलाने व माता सीता के विदाई समेत अन्य कार्यक्रम दिखाए गए। इस दौरान यहां क्षेत्रीय विधायक विनय कुमार द्विवेदी का आगमन उनके सहयोगियों छोटू ओझा, संतोष चौरसिया, दिलीप वर्मा, दुर्गा प्रसाद, अजय राठौर आदि के संग हुआ। विधायक ने देवी मां के दर्शन कर उनको अंगवस्त्र व चढ़ावा भेंट किया। अयाह गांव निवासी आयोजन के अगुवा संतोष मिश्र ने टीम सहित विधायक का स्वागत अभिनन्दन किया और उनको भगवान श्रीराम का चित्र भेंट किया। इस दौरान श्री मिश्र ने माता कोटरा मंदिर के बिल्कुल पीछे स्थित तालाब के सौंदर्यकरण कराने की मांग विधायक से की। आम जनता के सम्मुख दिए अपने जबाब में विधायक ने इस कार्य को जल्द करवाने का आस्वाशन दिया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन हमारी समृद्ध सनातन परंपराओं को जीवंत रखने के साथ-साथ समाज में एकता, सद्भाव और संस्कारों को और मजबूत करने का कार्य करते हैं। कहा कि इस प्रकार के आयोजन हर गांव में अवश्य ही होने चाहिए।
विधायक के जाने के बाद देर रात यहां राष्ट्रीय छात्र पंचायत के गोण्डा निवासी राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवम पाड़े का टीम सहित आगमन हुआ। उन्होंने मंदिर में माता के दर्शन किये। अपने संबोधन में उन्होंने रामलीला कार्यक्रम की सराहना की और स्थानीय कलाकारों सहित कमेटी का उत्साहवर्धन किया। आयोजक मंडल ने उनका स्वागत अभिनंदन किया। कमेटी ने बताया कि इस बार यहां रामलीला का चौथा साल है जबकि इसी मंदिर पर दुर्गापूजा का यह चौदहवां साल है। मंचन कार्यक्रम में सभी पात्र और वादक इसी गांव के हैं और कार्यक्रम जनसहयोग से हो रहा है। अंतिम दिवस 20 अक्टूबर को दिन में एक बजे से अयाह गन्ना तौल केंद्र पर मेला लगेगा और यहां रावण दहन होगा, तत्पश्चात रात्रि में मंदिर परिसर के मंच पर राजतिलक का कार्यक्रम दिखाया जाएगा।।
(गोण्डा से प्रदीप पांडेय की रिपोर्ट)