शुक्रवार, 9 अक्टूबर 2026

गौतमबुद्धनगर: सूरजपुर पुलिस की कार्रवाई: चोरी की तीन मोटरसाइकिल, दो लैपटॉप और मोबाइल बरामद, दो सगे भाई गिरफ्तार!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: सूरजपुर पुलिस की कार्रवाई: चोरी की तीन मोटरसाइकिल, दो लैपटॉप और मोबाइल बरामद, दो सगे भाई गिरफ्तार!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

रैपिडो चालक की बाइक और मोबाइल चोरी करने का आरोप, दिल्ली से दो लैपटॉप चोरी करने की बात भी पूछताछ में आई सामने; दो अवैध चाकू बरामद

दो टूक//ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्धनगर के थाना सूरजपुर पुलिस ने चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर चोरी की तीन मोटरसाइकिल, दो लैपटॉप, एक मोबाइल फोन और दो अवैध चाकू बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुमित (19) और जितेंद्र (26) के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से जालौन जिले के कोंच थाना क्षेत्र के ग्राम अंडा के रहने वाले हैं और वर्तमान में सूरजपुर कस्बे में रह रहे थे।

पुलिस के अनुसार, 8 अक्टूबर 2026 को स्थानीय खुफिया जानकारी और बीट पुलिसिंग से मिली सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों को मुबारकपुर कट की सर्विस रोड से गिरफ्तार किया गया।

रैपिडो चालक की बाइक और मोबाइल चोरी करने का आरोप

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि वे दोनों भाई हैं और मिलकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। आरोपियों ने कथित तौर पर 22 सितंबर 2026 को दुर्गा गोलचक्कर के पास एक रैपिडो चालक की मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन चोरी किया था। इसके अलावा, उन्होंने दिल्ली से पोर्टर एप के माध्यम से ऑर्डर डिलीवर करने के दौरान दो लैपटॉप चोरी करने की बात भी पूछताछ में बताई।

तीन मोटरसाइकिल समेत अन्य सामान बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर तीन मोटरसाइकिल बरामद की हैं। इनमें सीटी-100 (रजिस्ट्रेशन नंबर UP16BQ9214), स्प्लेंडर प्लस (DL3SGF1474) और सीडी डीलक्स (DL7SBN2851) शामिल हैं। इसके अतिरिक्त चोरी के दो लैपटॉप, एक मोबाइल फोन और दो अवैध चाकू भी बरामद किए गए हैं।

बरामद स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल के संबंध में थाना सूरजपुर में पहले से मुकदमा अपराध संख्या 570/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत दर्ज है।

दो मुकदमे दर्ज

पुलिस के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ थाना सूरजपुर में मुकदमा अपराध संख्या 570/2026 धारा 303(2)/317(2) बीएनएस तथा मुकदमा अपराध संख्या 571/2026 धारा 317(5) बीएनएस और धारा 4/25 आर्म्स एक्ट के तहत अभियोग दर्ज किए गए हैं।

पुलिस की इस कार्रवाई में चोरी की कई वस्तुओं की बरामदगी हुई है। मामले में बरामद सामान और आरोपियों से संबंधित अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।