शुक्रवार, 9 अक्टूबर 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में चेन स्नैचिंग करने वाला वांछित आरोपी गिरफ्तार, चोरी की बाइक, चाकू और 10,500 रुपये बरामद!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में चेन स्नैचिंग करने वाला वांछित आरोपी गिरफ्तार, चोरी की बाइक, चाकू और 10,500 रुपये बरामद!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

सेक्टर-12 में महिला से चेन लूट की वारदात कबूली, आरोपी के खिलाफ पहले से दर्ज हैं लूट और चोरी समेत कई मुकदमे

दो टूक//नोएडा। थाना सेक्टर-24 पुलिस ने चेन स्नैचिंग के मामले में वांछित चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की एक मोटरसाइकिल, एक अवैध चाकू और 10,500 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर करीब 15 दिन पहले सेक्टर-12 में एक महिला से चेन स्नैचिंग की वारदात को अंजाम दिया था। वारदात के बाद चेन बेचकर मिले पैसों को दोनों ने आपस में बांट लिया था।

पुलिस के मुताबिक, 8 अक्टूबर 2026 को थाना सेक्टर-24 की टीम ने स्थानीय खुफिया जानकारी और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से कार्रवाई करते हुए आरोपी विकास उर्फ नोनू पुत्र जितेंद्र को सेक्टर-11 स्थित वीडियोकोन तिराहे के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी दिल्ली के ईस्ट विनोद नगर का निवासी है और उसकी उम्र 26 वर्ष है।

चेन बेचकर मिले 25 हजार रुपये, 10,500 रुपये बरामद

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने करीब 15 दिन पहले अपने साथी के साथ मिलकर नोएडा के सेक्टर-12 में एक महिला की चेन छीनी थी। इसके बाद दोनों ने चेन बेच दी और उससे मिले रुपये आपस में बराबर बांट लिए। पुलिस के अनुसार, आरोपी विकास के हिस्से में 25 हजार रुपये आए थे। इनमें से कुछ रकम वह खर्च कर चुका था, जबकि शेष 10,500 रुपये पुलिस ने बरामद कर लिए हैं।

चोरी की मोटरसाइकिल भी बरामद

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ में यह भी बताया कि वह पहले अपने साथियों के साथ मिलकर मोटरसाइकिल चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। पुलिस ने उसके कब्जे से हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर UP14EP1659 है। पुलिस का कहना है कि यह मोटरसाइकिल भी कुछ दिन पहले नोएडा से चोरी की गई थी। इसके अलावा आरोपी के पास से एक अवैध चाकू भी बरामद हुआ है।

पुलिस के मुताबिक, इस मामले से जुड़े आरोपी के दो साथी पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजे जा चुके हैं।

आरोपी के खिलाफ पहले से कई मुकदमे दर्ज

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ गौतमबुद्धनगर के विभिन्न थानों में लूट, चोरी, चोरी का माल रखने और आर्म्स एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2021 और 2022 के मामले भी शामिल हैं। वर्तमान प्रकरण में थाना सेक्टर-24 में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं और आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज है।

बरामदगी: पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की एक हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, एक अवैध चाकू और 10,500 रुपये नकद बरामद किए हैं।

पुलिस का कहना है कि आरोपी के आपराधिक इतिहास और अन्य संभावित वारदातों के संबंध में आगे की कार्रवाई की जा रही है।।