लखनऊ :
BBAU - NSAE के बीच एमओयू, विद्यार्थियों को मिलेगी वित्तीय शिक्षा और निवेश की समझ।
दो टूक : लखनऊ के बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ऑफ इंडिया (एनएसई), मुंबई के बीच 22 अक्टूबर को समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इस साझेदारी का उद्देश्य विद्यार्थियों में वित्तीय साक्षरता बढ़ाने, निवेश संबंधी व्यावहारिक ज्ञान विकसित करने और रोजगार के नए अवसरों से जोड़ना है।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में डीन ऑफ एकेडमिक अफेयर्स प्रो. एस. विक्टर बाबू, कुलसचिव डॉ. अश्विनी कुमार सिंह, प्रो. ओम प्रकाश शुक्ला तथा एनएसई मुंबई के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट अविष्कार नायक, वाइस प्रेसिडेंट जोगिंदर सिंह और उत्तर प्रदेश की स्टेट हेड श्रुति शर्मा मौजूद रहीं।
विस्तार :
कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने कहा कि एनएसई के साथ यह साझेदारी विद्यार्थियों को वित्तीय क्षेत्र की बारीकियां समझने और व्यावहारिक कौशल हासिल करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगी। वर्तमान समय में वित्तीय जागरूकता और निवेश की समझ प्रत्येक विद्यार्थी के लिए आवश्यक है। इस पहल से विशेष रूप से अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों को वित्तीय नियोजन, शेयर बाजार और निवेश के विभिन्न विकल्पों की जानकारी मिलेगी। साथ ही, वे बेहतर वित्तीय निर्णय लेने और रोजगार के अवसर पहचानने में सक्षम बन सकेंगे।
उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के योग्य शिक्षक इस कार्यक्रम के तहत प्रशिक्षक के रूप में विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करेंगे। इससे विद्यार्थियों में ‘लर्न एंड अर्न’ की क्षमता विकसित करने के साथ उन्हें वित्तीय रूप से जागरूक, कुशल और आत्मनिर्भर बनाने में मदद मिलेगी।
वित्तीय नियोजन से शेयर बाजार तक मिलेगा प्रशिक्षण
एमओयू के तहत विद्यार्थियों, शिक्षकों और अन्य संबंधित वर्गों को वित्तीय नियोजन, बजट निर्माण, बचत, निवेश, शेयर बाजार, म्यूचुअल फंड, एक्सचेंज ट्रेडेड फंड (ईटीएफ), आईपीओ और ऋण प्रतिभूतियों के बारे में व्यावहारिक जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही निवेशकों के हितों की सुरक्षा, भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) की भूमिका, नियामक व्यवस्था और निवेश संबंधी शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया से भी अवगत कराया जाएगा।
इस सहयोग के अंतर्गत विश्वविद्यालय योग्य शिक्षकों एवं पात्र व्यक्तियों को पार्टनर ट्रेनर के रूप में नामित करेगा। निर्धारित योग्यता और प्रमाणन मानकों को पूरा करने के बाद ये प्रशिक्षक विद्यार्थियों तथा अन्य लक्षित समूहों के लिए प्रशिक्षण और जागरूकता कार्यक्रम संचालित कर सकेंगे।
इस पहल का उद्देश्य प्रशिक्षित प्रशिक्षकों का सशक्त समूह तैयार करना, जिम्मेदार वित्तीय व्यवहार को बढ़ावा देना और समाज में निवेश संबंधी जागरूकता का विस्तार करना है।
कार्यक्रम में वित्त अधिकारी प्रो. सनातन नायक, रिसर्च एंड डेवलपमेंट के निदेशक प्रो. शिशिर कुमार, आईक्यूएसी निदेशक प्रो. शिल्पी वर्मा, डॉ. सुभाष मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष और शिक्षक उपस्थित रहे।
