अम्बेडकर नगर :
छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों और व्यक्तिगत सुरक्षा के प्रति किया जागरूक।।
।।ए.के. चतुर्वेदी।
दो टूक : अम्बेडकर नगर जनपद के मालीपुर थाना क्षेत्र में मिशन शक्ति अभियान फेज-6 के तहत थाना मालीपुर की मिशन शक्ति टीम और साइबर टीम ने छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों से बचाव और व्यक्तिगत सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। इस दौरान विद्यार्थियों को विभिन्न सुरक्षा उपायों की जानकारी देने के साथ जागरूकता संबंधी पंपलेट भी वितरित किए गए।
महारानी गीता देवी एजुकेशनल सेंटर, मंसूरपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रोजेक्टर के माध्यम से छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों के विभिन्न तरीकों, उनसे बचाव के उपायों और जरूरी सावधानियों के बारे में विस्तार से बताया गया। टीम ने विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि से सावधान रहने के लिए प्रेरित किया।
वहीं, प्राथमिक विद्यालय सुरहुरपुर में छोटे बच्चों को आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 112 और 108 की जानकारी दी गई। साथ ही गुड टच-बैड टच और व्यक्तिगत सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं के बारे में समझाया गया। इस अवसर पर बच्चों को शिक्षा में उपयोग होने वाली सामग्री भी वितरित की गई।
यह जागरूकता कार्यक्रम थानाध्यक्ष मालीपुर तनुज पाल के नेतृत्व में आयोजित किया गया। अभियान का उद्देश्य बच्चों और युवाओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें साइबर अपराधों से बचाव के लिए आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराना है।
