शनिवार, 10 अक्टूबर 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में अस्पताल से नवजात बच्चे का अपहरण, 8 घंटे में सकुशल बरामद; महिला गिरफ्तार!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में अस्पताल से नवजात बच्चे का अपहरण, 8 घंटे में सकुशल बरामद; महिला गिरफ्तार!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

सरकारी योजना के तहत 2,500 रुपये दिलाने का झांसा देकर परिजनों से बढ़ाई थी नजदीकी, बहन को बच्चा देने के इरादे से वारदात को दिया अंजाम

दो टूक//नोएडा। गौतमबुद्धनगर के थाना फेस-2 क्षेत्र में अस्पताल से तीन दिन के नवजात शिशु के अपहरण का मामला सामने आया है। एक महिला कथित तौर पर सरकारी योजना के तहत 2,500 रुपये दिलाने का झांसा देकर बच्चे के परिजनों से नजदीकी बढ़ाने के बाद नवजात को लेकर फरार हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और मैनुअल इंटेलिजेंस तथा सीसीटीवी फुटेज की मदद से महज आठ घंटे के भीतर नवजात शिशु को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने बच्चे को ले जाने के आरोप में एक महिला को गिरफ्तार किया है, जबकि एक बाल अपचारी को पुलिस संरक्षण में लिया गया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई बिना नंबर प्लेट की स्कूटी भी बरामद की है।

सरकारी योजना का झांसा देकर परिजनों से बढ़ाई जान-पहचान

पुलिस के अनुसार, 6 अक्टूबर 2026 को एक व्यक्ति की पत्नी ने भंगेल स्थित अस्पताल में बच्चे को जन्म दिया था। इसके बाद 8 अक्टूबर की शाम को एक अज्ञात महिला अस्पताल पहुंची और नवजात की मां तथा उसकी नानी से संपर्क किया। महिला ने कथित तौर पर किसी सरकारी योजना के तहत 2,500 रुपये दिलाने की बात कहकर परिजनों से जान-पहचान बढ़ाई।

आरोप है कि 9 अक्टूबर की सुबह महिला एक बार फिर अस्पताल पहुंची। इस दौरान वह नवजात शिशु को दुलारने लगी और बातचीत के जरिए परिजनों को उलझाए रखा। इसी बीच वह कथित तौर पर धोखे से बच्चे को अपने साथ लेकर अस्पताल से चली गई। कुछ देर बाद नवजात के गायब होने का पता चलने पर परिजनों में अफरा-तफरी मच गई और पुलिस को सूचना दी गई।

सीसीटीवी फुटेज और मैनुअल इंटेलिजेंस से मिली सफलता

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना फेस-2 पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। पुलिस टीम ने अस्पताल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का अवलोकन किया तथा मैनुअल इंटेलिजेंस की मदद से संदिग्ध महिला की तलाश शुरू की। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने घटना के आठ घंटे के भीतर नवजात शिशु को सकुशल बरामद कर लिया।

पुलिस ने इस मामले में उपासना पत्नी सोनू कुमार को एनएसईजेड मेट्रो स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया। साथ ही एक बाल अपचारी को पुलिस संरक्षण में लिया गया है। पुलिस ने आरोपी महिला के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई एक स्कूटी भी बरामद की, जिस पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी। स्कूटी को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज किया गया है।

पूछताछ में सामने आई बहन को बच्चा देने की बात

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी महिला उपासना ने बताया कि उसकी बहन की कोई संतान नहीं है। इसी वजह से वह अपनी बहन को बच्चा देने के उद्देश्य से अस्पताल से नवजात शिशु को लेकर गई थी। पुलिस आरोपी महिला से पूछताछ के आधार पर मामले से जुड़ी अन्य जानकारियां जुटा रही है। मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

बागपत की रहने वाली है आरोपी महिला

गिरफ्तार महिला की पहचान उपासना पत्नी सोनू कुमार, निवासी ग्राम बावली, थाना बड़ौत, जिला बागपत के रूप में हुई है। वह वर्तमान में गौतमबुद्धनगर के थाना फेस-2 क्षेत्र के अंतर्गत भंगेल में रह रही थी। आरोपी महिला की उम्र लगभग 26 वर्ष बताई गई है।

इस मामले में थाना फेस-2 पर मु0अ0सं0 468/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) और 137(2) में अभियोग पंजीकृत किया गया है।

परिजनों को सौंपा गया नवजात शिशु

पुलिस ने नवजात शिशु को सकुशल बरामद करने के बाद उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। घटना के बाद परिवार ने राहत की सांस ली। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर के अनुसार, मामले में आगे की जांच जारी है।