अम्बेडकरनगर :
मिशन शक्ति टीम की तत्परता: 48 घंटे में लापता महिला बरामद।।
पुलिस ने महिला को सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंपा।
।।पूनम तिवारी।।
दो टूक : अंबेडकरनगर पुलिस की मिशन शक्ति टीम और थाना भीटी पुलिस ने गुमशुदा महिला की तलाश में तत्परता दिखाते हुए महज 48 घंटे के भीतर उसे सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद महिला को उसकी इच्छा के अनुसार पति के सुपुर्द कर दिया।
विस्तार :
पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह के निर्देशन में गुमशुदा व्यक्तियों की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत भीटी पुलिस और मिशन शक्ति टीम को यह सफलता मिली। जानकारी के मुताबिक, बीते बुधवार को महिला के लापता होने पर परिजनों ने थाना भीटी में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर महिला की तलाश शुरू की।
शुक्रवार को मुखबिर से मिली सूचना और सर्विलांस की मदद से पुलिस टीम ने महिला को थाना भीटी क्षेत्र से ही सकुशल बरामद कर लिया। थाने में पूछताछ के दौरान महिला ने किसी भी अप्रिय घटना से इनकार किया। इसके बाद पुलिस ने जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए महिला को उसकी इच्छा के अनुसार पति के सुपुर्द कर दिया।
महिला के सकुशल मिलने से परिजनों ने राहत की सांस ली और अंबेडकरनगर पुलिस व मिशन शक्ति टीम का आभार जताया।
