गुरुवार, 15 अक्टूबर 2026

गौतमबुद्धनगर: मंदिर के दानपात्र का ताला तोड़कर नकदी चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, 5,220 रुपये और औजार बरामद!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: मंदिर के दानपात्र का ताला तोड़कर नकदी चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, 5,220 रुपये और औजार बरामद!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

नोएडा के सेक्टर-151 स्थित मंदिर में की थी चोरी, पुलिस ने प्लास और पेचकस भी किए बरामद

दो टूक//ग्रेटर नोएडा। थाना नॉलेज पार्क पुलिस ने मंदिर के दानपात्र का ताला तोड़कर नकदी चोरी करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी के 5,220 रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल किए गए दो प्लास (कटर) व दो पेचकस बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की है।

पुलिस के अनुसार, 14 अक्टूबर 2026 को थाना नॉलेज पार्क पुलिस की टीम स्थानीय खुफिया सूचना और बीट पुलिसिंग की मदद से चोरी के मामलों में शामिल आरोपियों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने आसिफ पुत्र मौहम्मद इब्राहिम को कोंडली मार्केट से सेक्टर-155, नोएडा की ओर जाने वाले रास्ते से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से चोरी के 5,220 रुपये नकद और ताला तोड़ने में इस्तेमाल किए जाने वाले औजार बरामद हुए।

6 अक्टूबर को मंदिर के दानपात्र से चुराई थी नकदी

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने 6 अक्टूबर 2026 को सेक्टर-151, नोएडा स्थित एक मंदिर के दानपात्र का ताला तोड़कर उसमें रखी नकदी चोरी कर ली थी। घटना के संबंध में थाना नॉलेज पार्क में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस मामले की जांच कर रही थी, जिसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की रकम और वारदात में इस्तेमाल किए गए औजार बरामद किए गए।

बिहार का रहने वाला है आरोपी

गिरफ्तार आरोपी की पहचान आसिफ पुत्र मौहम्मद इब्राहिम, निवासी ग्राम दुबा, थाना जोगीहार, जिला अररिया, बिहार के रूप में हुई है। वह वर्तमान में ग्राम कोंडली बांगर, थाना नॉलेज पार्क, गौतमबुद्धनगर में रह रहा था। आरोपी की उम्र करीब 30 वर्ष बताई गई है।

ये सामान हुआ बरामद

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी के 5,220 रुपये नकद, दो प्लास (कटर) और दो पेचकस बरामद किए हैं। इस मामले में थाना नॉलेज पार्क में मुकदमा अपराध संख्या 279/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305, 331(4) और 317(2) में अभियोग पंजीकृत है।

पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।।