गुरुवार, 15 अक्टूबर 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में पुलिस-बदमाश मुठभेड़: 16 मुकदमों में दर्ज आरोपी के पैर में लगी गोली, चोरी की बाइक और अवैध तमंचा बरामद!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में पुलिस-बदमाश मुठभेड़: 16 मुकदमों में दर्ज आरोपी के पैर में लगी गोली, चोरी की बाइक और अवैध तमंचा बरामद!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

चेकिंग के दौरान बिना नंबर प्लेट की बाइक सवार को रोकने का किया इशारा, भागने के प्रयास में पुलिस टीम पर की फायरिंग

दो टूक//नोएडा। गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट के थाना सेक्टर-63 क्षेत्र में बुधवार, 14 अक्टूबर 2026 को पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से एक बदमाश घायल हो गया। पुलिस ने घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। उसकी पहचान शुभम उर्फ शिवम उर्फ शुभम राजपूत (करीब 28 वर्ष) पुत्र राजीव, निवासी आश्रम गेट, थाना सेक्टर-63, नोएडा के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के कब्जे से चोरी की एक हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, .315 बोर का एक अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है।

चेकिंग के दौरान भागने लगा बाइक सवार

पुलिस के अनुसार, 14 अक्टूबर को थाना सेक्टर-63 पुलिस की टीम गढ़ी गोल चक्कर के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सर्विस रोड की तरफ से बिना नंबर प्लेट लगी एक संदिग्ध मोटरसाइकिल आती दिखाई दी। पुलिस टीम ने बाइक सवार को रुकने का इशारा किया, लेकिन उसने रुकने के बजाय यू-टर्न लिया और तेज गति से मोटरसाइकिल दौड़ाकर भागने का प्रयास किया।

पुलिस टीम ने संदिग्ध बाइक सवार का पीछा किया। इसी दौरान उसकी मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई। पुलिस के मुताबिक, पकड़े जाने से बचने के लिए आरोपी ने भागते हुए पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई और वह घायल हो गया।

चोरी की बाइक और अवैध हथियार बरामद

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घायल आरोपी को हिरासत में लेकर उसके कब्जे से एक चोरी की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और .315 बोर का अवैध तमंचा बरामद किया। मौके से एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस भी मिला है। घायल आरोपी को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

नोएडा और दिल्ली के विभिन्न थानों में दर्ज हैं 16 मुकदमे

पुलिस के मुताबिक, आरोपी का आपराधिक इतिहास खंगालने पर गौतमबुद्धनगर और दिल्ली के विभिन्न थानों में उसके खिलाफ कुल 16 मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। इनमें चोरी, चोरी का सामान रखने, अवैध हथियार रखने और एनडीपीएस एक्ट से संबंधित मामले शामिल हैं।

आरोपी के खिलाफ थाना सेक्टर-63 और थाना फेस-3, गौतमबुद्धनगर के अलावा दिल्ली के दिल्ली कैंट, पालम, द्वारका, साउथ कैंपस, तिलक नगर और पश्चिम विहार थानों में भी मुकदमे दर्ज हैं।।

आरोपी के आपराधिक इतिहास की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस आरोपी से संबंधित अन्य जानकारियां जुटा रही है। साथ ही बरामद मोटरसाइकिल के संबंध में भी जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और आरोपी के आपराधिक इतिहास से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।