गुरुवार, 15 अक्टूबर 2026

गौतमबुद्धनगर: एमएलसी चुनाव में मतदान के लिए 23 अक्टूबर को मिलेगा विशेष आकस्मिक अवकाश, बोनाफाइड मतदाता कर सकेंगे मताधिकार का प्रयोग!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: एमएलसी चुनाव में मतदान के लिए 23 अक्टूबर को मिलेगा विशेष आकस्मिक अवकाश, बोनाफाइड मतदाता कर सकेंगे मताधिकार का प्रयोग!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 15 अक्टूबर 2026। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के खंड स्नातक एवं खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के द्विवार्षिक चुनाव-2026 में मतदान करने वाले पात्र मतदाताओं को राहत देते हुए शासन ने 23 अक्टूबर को विशेष आकस्मिक अवकाश देने की स्वीकृति प्रदान की है। इसके तहत जनपद गौतमबुद्धनगर के ऐसे कर्मचारी, जो मेरठ खंड स्नातक अथवा खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के बोनाफाइड मतदाता हैं, मतदान के दिन अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए आकस्मिक अवकाश प्राप्त कर सकेंगे।

जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी, गौतमबुद्धनगर ने जानकारी देते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश शासन के सामान्य प्रशासन अनुभाग, लखनऊ द्वारा 13 अक्टूबर 2026 को जारी प्रेस विज्ञप्ति के क्रम में यह निर्णय लिया गया है। शासन की ओर से उत्तर प्रदेश विधान परिषद के खंड स्नातक के पांच और खंड शिक्षक के छह निर्वाचन क्षेत्रों में होने वाले द्विवार्षिक निर्वाचन के मद्देनजर पात्र मतदाताओं को मतदान की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए यह व्यवस्था की गई है।

जारी निर्देशों के अनुसार, उत्तर प्रदेश राज्य के ऐसे कर्मचारी, जो विश्वविद्यालय के स्नातक हैं और स्नातक अथवा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के बोनाफाइड मतदाता के रूप में पंजीकृत हैं, उन्हें मतदान दिवस 23 अक्टूबर 2026 को अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए विशेष आकस्मिक अवकाश देने की स्वीकृति प्रदान की गई है। यह निर्णय भारत निर्वाचन आयोग के 23 दिसंबर 2010 के पत्र तथा कार्मिक एवं प्रशिक्षण मंत्रालय, भारत सरकार के 16 मई 1994 के कार्यालय ज्ञापन के क्रम में लिया गया है।

इसी व्यवस्था के तहत जनपद गौतमबुद्धनगर में मेरठ खंड स्नातक एवं खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के बोनाफाइड मतदाताओं को भी 23 अक्टूबर 2026 को मतदान के लिए आकस्मिक अवकाश स्वीकृत किया गया है। इससे पात्र कर्मचारी बिना कार्य संबंधी बाधा के मतदान केंद्र पहुंचकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सकेंगे।

प्रशासन ने इस व्यवस्था के माध्यम से पात्र मतदाताओं को मतदान का अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में कदम उठाया है, ताकि वे अपने मताधिकार का स्वतंत्र रूप से प्रयोग कर सकें।।