गौतमबुद्धनगर: रामबरात की सुरक्षा को लेकर नोएडा पुलिस अलर्ट, सेक्टर-20 से सेक्टर-58 तक सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण!!
एसीपी-2 मयंक तिवारी ने पुलिस बल के साथ परखा रामबरात मार्ग, भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था का जायजा लेकर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
दो टूक//नोएडा। रामबरात के आयोजन को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सकुशल संपन्न कराने के लिए गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट पूरी तरह सतर्क है। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में पुलिस अधिकारी आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन और यातायात संचालन को सुचारू बनाए रखने के लिए लगातार तैयारियों का जायजा ले रहे हैं। इसी क्रम में एसीपी-2 नोएडा मयंक तिवारी ने पुलिस बल के साथ थाना सेक्टर-20 क्षेत्र से सेक्टर-58 क्षेत्र तक रामबरात मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान एसीपी-2 ने रामबरात के निर्धारित मार्ग, भीड़ प्रबंधन, पुलिस ड्यूटी प्वाइंट, यातायात व्यवस्था, पार्किंग स्थलों, सीसीटीवी कैमरों से निगरानी और बैरिकेडिंग सहित सुरक्षा से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने संबंधित पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपनी ड्यूटी पूरी सतर्कता तथा जिम्मेदारी के साथ निभाएं।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा पर विशेष जोर
एसीपी-2 मयंक तिवारी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि रामबरात में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं और आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे। भीड़ को नियंत्रित करने, लोगों की आवाजाही सुचारू बनाए रखने और यातायात व्यवस्था को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए पुलिसकर्मी अपने-अपने ड्यूटी प्वाइंट पर मुस्तैद रहें। इसके साथ ही प्रमुख स्थानों और संवेदनशील बिंदुओं पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।
संदिग्ध व्यक्तियों और वस्तुओं पर रहेगी नजर
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों को संदिग्ध व्यक्तियों एवं वस्तुओं पर विशेष निगरानी रखने तथा आवश्यकता के अनुसार चेकिंग करने के निर्देश दिए गए। सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी, प्रमुख स्थानों पर पुलिस की तैनाती और बैरिकेडिंग व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने पर भी जोर दिया गया, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से समय रहते निपटा जा सके।
यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश
रामबरात के दौरान आमजन को आवागमन में परेशानी न हो, इसके लिए यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और पार्किंग प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। पुलिसकर्मियों से कहा गया कि वे आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और भीड़ बढ़ने की स्थिति में तत्काल आवश्यक कदम उठाएं।
यह निरीक्षण पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन तथा डीसीपी नोएडा साद मियां खान और एडीसीपी नोएडा अभय कुमार मिश्रा के पर्यवेक्षण में किया गया। पुलिस अधिकारियों का उद्देश्य रामबरात के दौरान सुरक्षा, शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखते हुए आयोजन को सकुशल संपन्न कराना है।।
