लखनऊ : शहर में साइबर ठगो ने दो के खातों से उड़ाए 2.17 लाख रुपये।।||
दो टूक : राजधानी लखनऊ में साइबर अपराधियों ने बैंक खाताधारकों को निशाना बनाते हुए दो अलग-अलग मामलों में कुल 2 लाख 17 हजार 600 रुपये पार कर दिए। आशियाना में एक खाताधारक के खाते से चार बार में हजारों रुपये निकल गए, जबकि कृष्णानगर में मोबाइल चोरी होने के बाद पीड़ित के दो बैंक खातों से 1.26 लाख रुपये निकाल लिए गए। दोनों मामलों में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विस्तार :
●जानकारी के अनुसार पहला मामला- थाना आशियाना क्षेत्र के एलडीए कॉलोनी शारदा नगर योजना के रजनीखंड स्थित आम्रपाली बिहार निवासी सुक्खू राम का पंजाब नेशनल बैंक की आशियाना शाखा में बचत खाता है। पीड़ित के मुताबिक, 15 अक्टूबर की शाम करीब छह बजे महज 20 मिनट के अंतराल में उनके खाते से चार बार में कुल 91,600 रुपये निकल गए।
खाते से रकम निकलने की जानकारी मिलने पर पीड़ित ने साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई और आशियाना थाने में लिखित तहरीर दी। पुलिस ने बृहस्पतिवार शाम मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मोबाइल चोरी के बाद दो खातों से 1.26 लाख पार।
●दूसरा मामला कृष्णानगर थाना क्षेत्र की एलडीए कॉलोनी सेक्टर-डी का है। यहां निवासी राम अवतार गुप्ता पुत्र स्वर्गीय मनोहर लाल गुप्ता के मुताबिक, बीती 28 सितंबर को अवध हॉस्पिटल के पास उनका मोबाइल फोन चोरी हो गया था। उन्होंने घटना की एफआईआर दर्ज कराने के साथ सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत की और मोबाइल का सिम लॉक करा दिया था।
आरोप है कि इसके बावजूद एक अक्टूबर को उनके दो बैंक खातों से कुल 1 लाख 26 हजार रुपये निकल गए। जानकारी होने पर पीड़ित ने बैंक खाते बंद कराए और साइबर सेल के साथ कृष्णानगर थाने में भी लिखित शिकायत दी।
पीड़ित की तहरीर पर बृहस्पतिवार देर शाम मुकदमा दर्ज किया गया।
प्रभारी निरीक्षक कृष्णानगर पीके सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
साइबर सुरक्षा पर फिर उठे सवाल
दोनों घटनाओं ने बैंक खातों की सुरक्षा और मोबाइल चोरी के बाद डिजिटल बैंकिंग के दुरुपयोग को लेकर चिंता बढ़ा दी है। पुलिस दोनों मामलों में रकम निकाले जाने के तरीके और संबंधित तथ्यों की जांच कर रही है।
