लखनऊ :
पहले से बिके प्लॉट की दोबारा रजिस्ट्री कर ठगे 18 लाख केस दर्ज।।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के कोतवाली मोहनलालगंज क्षेत्र के पुरसेनी में एक ही प्लॉट को दो बार बेचकर 18 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस कमिश्नर के निर्देश के बाद मोहनलालगंज पुलिस ने चार नामजद आरोपियों समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विस्तार :
जानकारी के अनुसार उन्नाव जिले के पुरवा थाना क्षेत्र स्थित जमालपुर चक निवासी अनिल कुमार सिंह के मुताबिक, उन्होंने 30 जुलाई 2021 को मोहनलालगंज के पुरसेनी गांव में 2000 वर्गफुट का प्लॉट 18 लाख रुपये में खरीदा था। इसकी रजिस्ट्री अग्रेंज सिंह निवासी पुरसेनी फार्म और अतुल सिंह निवासी पिठईखेड़ा, उन्नाव के माध्यम से कराई गई थी।
पीड़ित का आरोप है कि प्लॉट पर निर्माण कराने पहुंचने पर उन्हें पता चला कि उक्त जमीन की रजिस्ट्री वर्ष 2018 में ही किसी अन्य व्यक्ति के नाम की जा चुकी थी। इस तरह उन्हें बेचे गए प्लॉट की पहले से रजिस्ट्री होने की जानकारी मिलने पर उन्होंने संबंधित विक्रेताओं से संपर्क किया।
आरोप है कि इस दौरान अग्रेंज सिंह और अतुल सिंह ने अपने कथित साथियों सचिन सिंह निवासी न्यू गड़ौरा, थाना सरोजनीनगर और पुष्पेंद्र सिंह निवासी मोहनलालगंज के साथ मिलकर पीड़ित को धमकाया। आरोपियों ने कथित तौर पर प्लॉट और रुपये भूल जाने की बात कहते हुए उन्हें वापस लौटाने से इनकार कर दिया।
इसके बाद अनिल कुमार सिंह ने पुलिस कमिश्नर से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की। पुलिस कमिश्नर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए डीसीपी दक्षिणी को जांच कर मुकदमा दर्ज कराने के निर्देश दिए। जांच में शिकायत सही पाए जाने के बाद मोहनलालगंज पुलिस ने चार नामजद आरोपियों समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच और आरोपियों की तलाश में जुटी है।
