सोमवार, 26 अक्टूबर 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में चोरी के सरिया खरीदने वाला कबाड़ी गिरफ्तार, 170 किलो सरिया बरामद!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा में चोरी के सरिया खरीदने वाला कबाड़ी गिरफ्तार, 170 किलो सरिया बरामद!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

सेक्टर-58 पुलिस ने लेबर चौक से दबोचा वांछित आरोपी, राजू और उसके साथियों से कई बार चोरी का सरिया खरीदने का खुलासा

दो टूक//नोएडा। थाना सेक्टर-58 पुलिस ने चोरी के सरिया खरीदने के मामले में एक वांछित कबाड़ी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर सेक्टर-62 स्थित छोटा डी-पार्क के पास से चोरी के दो बंडल सरिया बरामद किए गए हैं, जिनका कुल वजन करीब 170 किलोग्राम है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी चोरी का सरिया खरीदने के बाद उसे अलग-अलग स्थानों पर रखवाता था और वहीं से उठाकर बेच देता था।

पुलिस के मुताबिक, 25 अक्टूबर 2026 को थाना सेक्टर-58 पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए वांछित आरोपी सब्बीर पुत्र शमसेर को सेक्टर-58 स्थित लेबर चौक से गिरफ्तार किया। आरोपी मूल रूप से दिल्ली के कल्याणपुरी का निवासी है। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने सेक्टर-62 के छोटा डी-पार्क के पास से चोरी के दो बंडल सरिया बरामद किए।

पूछताछ में चोरी का सरिया खरीदने की बात कबूली

पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी सब्बीर ने बताया कि उसने राजू और उसके साथियों से चोरी का सरिया खरीदा था। जब उसे जानकारी मिली कि राजू और उसके साथी पकड़े गए हैं, तो वह अपने घर से फरार हो गया था। आरोपी ने यह भी बताया कि वह राजू और उसके साथियों से पहले भी कई बार चोरी का सरिया खरीद चुका है।

आरोपी के मुताबिक, वह चोरी का सरिया अपने गोदाम पर मंगाने के बजाय सेक्टर-62 या खोड़ा के आसपास किसी स्थान पर रखवा देता था। इसके बाद वह वहां से सरिया उठाकर बेच देता था। पुलिस मामले में आरोपी की भूमिका और चोरी के सरिया की खरीद-फरोख्त से जुड़े तथ्यों के आधार पर कार्रवाई कर रही है।

बीएनएस की धाराओं में दर्ज है मुकदमा

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की पहचान सब्बीर पुत्र शमसेर, निवासी मकान संख्या 13/441, कल्याणपुरी, दिल्ली, उम्र करीब 57 वर्ष के रूप में की है। इस मामले में थाना सेक्टर-58 में मुकदमा अपराध संख्या 348/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) और 317(2) में अभियोग दर्ज है।

पुलिस की इस कार्रवाई में चोरी के करीब 170 किलोग्राम सरिया की बरामदगी हुई है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।।