गौतमबुद्धनगर: नोएडा में मोबाइल चोर और स्नेचर गैंग का पर्दाफाश, तीन शातिर गिरफ्तार; 10 मोबाइल, तीन चाकू और नकदी बरामद!!
भीड़भाड़ वाले इलाकों में जेब से मोबाइल चोरी और राह चलते लोगों से करते थे स्नेचिंग, दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय था गिरोह
दो टूक//नोएडा। थाना सेक्टर-24 पुलिस ने मोबाइल फोन चोरी और स्नेचिंग करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी और स्नेचिंग के 10 मोबाइल फोन, मोबाइल बेचकर प्राप्त किए गए 3,000 रुपये नकद और तीन अवैध चाकू बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में भीड़भाड़ वाले स्थानों पर लोगों की जेब से मोबाइल फोन चोरी करने और राह चलते व्यक्तियों से मोबाइल छीनने की घटनाओं को अंजाम देते थे।
पुलिस के मुताबिक, 24 अक्टूबर 2026 को थाना सेक्टर-24 पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस से मिली जानकारी के आधार पर कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को नोएडा स्टेडियम के गेट नंबर-4 के पास से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विक्की पुत्र रामचन्द्र, जाकिर पुत्र बल्लू और मोहम्मद जाकिर पुत्र शमसाद अली के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी और स्नेचिंग के मोबाइल फोन, नकदी तथा अवैध चाकू बरामद किए हैं।
सस्ते दामों पर बेचते थे चोरी के मोबाइल
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे गिरोह बनाकर दिल्ली-एनसीआर के अलग-अलग इलाकों में सक्रिय रहते थे। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर लोगों की जेब से मोबाइल फोन चोरी करना और सड़क पर चलते लोगों से मोबाइल छीनना उनके अपराध करने का तरीका था। इसके बाद चोरी और स्नेचिंग के मोबाइल फोन राह चलते लोगों को सस्ते दामों पर बेच दिया करते थे। पुलिस के अनुसार, मोबाइल फोन बेचकर मिलने वाली रकम का इस्तेमाल आरोपी अपने निजी खर्च और मौज-मस्ती में करते थे।
दिल्ली, गाजियाबाद और नोएडा के रहने वाले हैं आरोपी
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी विक्की की उम्र करीब 43 वर्ष है और वह पुरानी दिल्ली के दरीबागली गुलयान क्षेत्र का निवासी है। दूसरा आरोपी जाकिर, जिसकी उम्र करीब 48 वर्ष है, दिल्ली के सीलमपुर क्षेत्र का रहने वाला है। वहीं, तीसरा आरोपी मोहम्मद जाकिर, जिसकी उम्र करीब 38 वर्ष है, गाजियाबाद के साहिबाबाद स्थित शहीदनगर का निवासी है।
आरोपियों के खिलाफ विभिन्न थानों में दर्ज हैं मुकदमे
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ थाना सेक्टर-24 में चोरी और बरामदगी से संबंधित मुकदमे दर्ज किए गए हैं। इसके अतिरिक्त, उपलब्ध आपराधिक रिकॉर्ड में थाना सेक्टर-20 में आबकारी अधिनियम, थाना फेस-1 और थाना सेक्टर-39 में आर्म्स एक्ट तथा थाना सेक्टर-39 में एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मुकदमों का भी उल्लेख है।
ये हुई बरामदगी
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी और स्नेचिंग के 10 मोबाइल फोन, मोबाइल फोन बेचकर प्राप्त किए गए 3,000 रुपये नकद और तीन अवैध चाकू बरामद किए हैं।
थाना सेक्टर-24 पुलिस की इस कार्रवाई से मोबाइल चोरी और स्नेचिंग की घटनाओं में संलिप्त गिरोह का खुलासा हुआ है। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
