मंगलवार, 6 अक्टूबर 2026

लखनऊ :एयरपोर्ट पर टाटा प्रोजेक्टस कज लेबर कैंप में लगी भीषण आग,मची अफरा तफरी, 17 कमरे जलकर राख।।||Lucknow:A massive fire broke out at the Tata Projects labour camp at the airport, causing panic. 17 rooms were reduced to ashes.||

शेयर करें:
लखनऊ :
एयरपोर्ट पर टाटा प्रोजेक्टस कज लेबर कैंप में लगी भीषण आग,मची अफरा तफरी, 17 कमरे जलकर राख।।
दो  टूक : लखनऊ के सरोजनीनगर थाना क्षेत्र स्थित लखनऊ एयरपोर्ट परिसर के टाटा लेबर कैंप में मंगलवार सुबह करीब 6:42 बजे भीषण आग लग गई। आग ने देखते ही देखते तीन मंजिला अस्थायी कैंप के 17 कमरों को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर सर्विस की टीमें मौके पर पहुंचीं और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। हादसे में किसी की जनहानि नहीं हुई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मजदूर गैस सिलेंडर से खाना बना रहे थे, इसी दौरान आग लगी और पीवीसी से बने अस्थायी कैंप में आग तेजी से फैल गई। कैंप के प्रत्येक तल पर 11-11 कमरे हैं। कुल 33 कमरों में से 17 कमरे आग से प्रभावित होकर जल गए, जबकि उनमें रखा सामान भी क्षतिग्रस्त हो गया।
विस्तार :
मिली जानकारी के अनुसार थाना सरोजनीनगर क्षेत्र चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के पास बने टाटा प्रोजेक्ट्स के लेबर कैंप में मंगलवार सुबह भीषण आग लगने अफरा तफरी मच गई। आग इतनी भयानक थी कि प्लास्टिक (पीवीसी) पैनल से बने तीन मंजिला अस्थायी ढांचे के 17 कमरे जलकर खाक हो गए। धुएं का गुबार दो किलोमीटर दूर से दिखाई दे रहा था।सूचना मिलते ही सरोजनी नगर पुलिस और दमकल विभाग की 6 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
पुलिस के मुताबिक घटना के समय कैंप में करीब 352 मजदूर मौजूद थे। आग लगते ही अफरा-तफरी मच गई और मजदूर जान बचाकर बाहर निकले। सामान निकालने के दौरान श्रमिक ओमप्रकाश पाल और पवन कुमार को हल्की खरोंचें आईं, जिन्हें मौके पर प्राथमिक उपचार दिया गया।
सरोजनीनगर स्टेशन फायर ऑफिसर सुमित प्रताप सिंह के अनुसार, आग पर फायर सर्विस की टीमों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए काबू पा लिया। सभी श्रमिकों को सुरक्षित रूप से पास स्थित दूसरे लेबर कैंप में शिफ्ट किया जा रहा है।
बताया गया कि लेबर कैंप एयरपोर्ट टर्मिनल से करीब 800 मीटर दूर स्थित है, जहां करीब 300 से अधिक मजदूर रहकर परिसर में होटल निर्माण का काम कर रहे थे। आग का धुआं दूर से दिखाई दे रहा था। राहत की बात यह रही कि हादसे का विमानों के संचालन पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा।
पुलिस के अनुसार मौके पर एसीपी, थाना प्रभारी, एफएसओ सरोजनीनगर और एफएसओ आलमबाग के नेतृत्व में फायर सर्विस की टीमें मौजूद रहीं। फिलहाल स्थिति पूरी तरह स्थिति नियंत्रण में है और आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।