सोमवार, 12 अक्टूबर 2026

लखनऊ :किसान पथ पर मौत बनकर दौड़ी बोलेरो,डिवाइडर से टकराई;तीन की मौत,10 घायल।।||Lucknow:A Bolero car ran like death on the farmers' path and collided with a divider; three died and 10 were injured.||

शेयर करें:
लखनऊ :
किसान पथ पर मौत बनकर दौड़ी बोलेरो,डिवाइडर से टकराई;तीन की मौत,10 घायल।।
उन्नाव से अवसानेश्वर महादेव मंदिर जलाभिषेक करने जा रहे थे एक दर्जन श्रद्धालु।
दो टूक : लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र में सोमवार दोपहर किसान पथ पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 लोग घायल हो गए। उन्नाव से बाराबंकी स्थित अवसानेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक करने जा रहे श्रद्धालुओं की बोलेरो अनियंत्रित होकर रेलवे ब्रिज के पास पेडेस्ट्रियन डिवाइडर से टकरा गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
विस्तार : 
पुलिस के मुताबिक बीते सोमवार 12 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब 3:26 बजे थाना सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र में लखनऊ आउटर रिंग रोड (किसान पथ) पर लखनऊ-सुल्तानपुर रेलवे लाइन के ऊपर बने रेलवे ब्रिज के पास बोलेरो संख्या UP78CS7842 अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने पेडेस्ट्रियन डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी गंभीर थी कि वाहन क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग घायल हो गए।
सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एंबुलेंस की मदद से घायलों को ट्रामा-2 पीजीआई और सीएचसी गोसाईंगंज पहुंचाया। सीएचसी गोसाईंगंज से कुछ घायलों को बेहतर उपचार के लिए श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिविल चिकित्सालय, लखनऊ रेफर किया गया। पुलिस के अनुसार, सभी घायलों की हालत ठीक बताई गई है।
तीन लोगों की मौत से मचा कोहराम
इस हादसे में संतोष उर्फ संतू पुत्र राजाराम, रामदुलारी पत्नी रामस्वरूप और करीब तीन वर्ष की एक बच्ची की मौत हो गई। तीनों जनपद उन्नाव के निवासी बताए गए हैं। मृतकों के शवों के संबंध में पुलिस पंचायतनामा समेत आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।
अधिकारियों ने घटनास्थल और अस्पताल का किया निरीक्षण
हादसे की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी दक्षिणी मोहम्मद मुश्ताक, एडीसीपी दक्षिणी वसंथ रल्लापल्ली और एसीपी गोसाईंगंज ऋषभ यादव ने घटनास्थल और अस्पताल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने उपचाराधीन घायलों की कुशलक्षेम की जानकारी ली और चिकित्सकों को समुचित उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पुलिस ने मृतकों एवं घायलों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। मौके पर पुलिस बल तैनात है और मामले में आवश्यक कार्रवाई जारी है।