गुरुवार, 10 सितंबर 2026

गौतमबुद्धनगर: साइबर ठगी से बचाव को लेकर पुलिस ने Teleperformance कर्मचारियों को किया जागरूक, 1930 हेल्पलाइन की दी जानकारी!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: साइबर ठगी से बचाव को लेकर पुलिस ने Teleperformance कर्मचारियों को किया जागरूक, 1930 हेल्पलाइन की दी जानकारी!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में कमिश्नरेट पुलिस द्वारा साइबर अपराधों की रोकथाम और आमजन को जागरूक करने के लिए लगातार साइबर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एसीपी-3 नोएडा संचित शर्मा ने साइबर सेल पुलिस टीम के साथ Teleperformance Company में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर कंपनी के कर्मचारियों को ऑनलाइन ठगी और साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने कर्मचारियों को वर्तमान समय में सामने आ रहे विभिन्न साइबर अपराधों और ऑनलाइन धोखाधड़ी के तरीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही साइबर अपराध से बचने के प्रभावी उपाय, इंटरनेट का सुरक्षित इस्तेमाल, सोशल मीडिया पर बरती जाने वाली सावधानियां और साइबर वर्ल्ड में जिम्मेदार व्यवहार के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी साझा की गई।

पुलिस अधिकारियों ने कर्मचारियों को विशेष रूप से संदिग्ध लिंक, अनजान कॉल, फर्जी निवेश योजनाओं, डिजिटल अरेस्ट, ओटीपी, क्यूआर कोड और स्क्रीन शेयरिंग ऐप से जुड़े साइबर फ्रॉड को लेकर सतर्क किया। उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक खाते, एटीएम, ओटीपी, पासवर्ड अथवा अन्य गोपनीय बैंकिंग जानकारी साझा न करें। किसी लालच या डर के कारण जल्दबाजी में ऑनलाइन लेन-देन करने से भी बचें।

पुलिस टीम ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर धोखाधड़ी हो जाती है तो उसे समय गंवाए बिना साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए। इसके अलावा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल के माध्यम से भी ऑनलाइन शिकायत की जा सकती है। समय पर शिकायत मिलने से साइबर ठगी की रकम को आगे ट्रांसफर होने से रोकने की संभावना बढ़ जाती है।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि साइबर अपराधों से बचाव में जागरूकता और सतर्कता सबसे बड़ा हथियार है। इंटरनेट और सोशल मीडिया का इस्तेमाल करते समय सावधानी बरतें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। उन्होंने कर्मचारियों से अपील की कि वे स्वयं साइबर अपराध से सुरक्षित रहें और अपने परिवार, मित्रों एवं परिचितों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करें।।