गुरुवार, 10 सितंबर 2026

हिंदू महासभा ने लखनऊ से फूंका संगठन विस्तार का बिगुल, नई कार्यकारिणी का ऐलान और डिजिटल ऐप लॉन्च!!

शेयर करें:

हिंदू महासभा ने लखनऊ से फूंका संगठन विस्तार का बिगुल, नई कार्यकारिणी का ऐलान और डिजिटल ऐप लॉन्च!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//लखनऊ। अखिल भारत हिंदू महासभा, उत्तर प्रदेश की ओर से राजधानी लखनऊ में प्रांतीय महा-सम्मेलन, कार्यकारिणी विस्तार, प्रेस वार्ता एवं विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। सम्मेलन में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने, ग्राम पंचायत स्तर तक विस्तार करने और आधुनिक तकनीक के माध्यम से सदस्यता अभियान को गति देने को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

कार्यक्रम का शुभारंभ पवनपुत्र श्री हनुमान जी के स्मरण, दीप प्रज्वलन तथा संगठन के अमर हुतात्माओं एवं दूरदर्शी संस्थापकों को श्रद्धांजलि अर्पित कर किया गया। इस दौरान संगठन के नवनियुक्त प्रदेश उपाध्यक्ष प्रवीण कुमार सिंह के पूज्य पिता स्वर्गीय त्रियुगी नारायण सिंह के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई।

सनातन संस्कृति और संगठन के इतिहास पर हुई चर्चा

कार्यक्रम का संचालन प्रदेश मीडिया प्रभारी इंजीनियर शिव शंकर सिंह ने किया। उन्होंने सनातन संस्कृति, संगठन के इतिहास और उसके वैचारिक पक्ष पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने महामना पंडित मदन मोहन मालवीय, स्वातंत्र्यवीर सावरकर, स्वामी श्रद्धानंद तथा गोरक्षपीठ के महान संतों ब्रह्मलीन महंत दिग्विजय नाथ जी और ब्रह्मलीन महंत अवैद्यनाथ जी के संघर्षों का स्मरण किया।

उन्होंने कहा कि हिंदू महासभा ने अपने लंबे इतिहास में सनातन संस्कृति और हिंदू समाज से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया है। उन्होंने राम जन्मभूमि आंदोलन सहित विभिन्न आंदोलनों और देश की विधायी संस्थाओं में संगठन की भूमिका का भी उल्लेख किया।

इंजीनियर शिव शंकर सिंह ने नवनियुक्त पदाधिकारियों के सामने आने वाली सांगठनिक एवं जमीनी चुनौतियों को समुद्र मंथन से निकले 14 रत्नों के उदाहरण से समझाया। उन्होंने कहा कि संगठनात्मक संघर्ष के दौरान मिलने वाली आलोचनाओं और चुनौतियों को धैर्य के साथ स्वीकार करते हुए कार्यकर्ताओं को अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ना होगा।

कार्यकारिणी विस्तार के साथ पदाधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारियां

सम्मेलन के मुख्य अतिथि एवं प्रदेश अध्यक्ष संजीव कुमार सिंह ने संगठन को ग्राम पंचायत स्तर तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को अपने क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभानी होगी।

इस अवसर पर प्रांतीय कार्यकारिणी का विस्तार करते हुए नवनियुक्त पदाधिकारियों की घोषणा की गई और उन्हें मनोनयन पत्र सौंपे गए। रत्नेश कुमार दुबे को प्रांतीय उपाध्यक्ष (व्यावसायिक प्रकोष्ठ), हिमांशु कुमार सिंह को वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष, डॉ. सचिन पांडे को प्रदेश संगठन मंत्री, डॉ. ब्रजेश त्रिपाठी को प्रांतीय उपाध्यक्ष (स्वास्थ्य प्रकोष्ठ) तथा जेपी सिंह को प्रदेश महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई।

इसके साथ ही प्रदेश के विभिन्न जनपदों से पहुंचे नवनियुक्त जिलाध्यक्षों और मंडल अध्यक्षों को भी संगठन की नई जिम्मेदारियां प्रदान की गईं।

डिजिटल सदस्यता ऐप से प्रदेशभर में अभियान को मिलेगी गति

सम्मेलन में संगठन के विस्तार के साथ तकनीक के उपयोग पर भी विशेष जोर दिया गया। उत्तर प्रदेश में सदस्यता अभियान को गति देने के लिए विशेष सॉफ्टवेयर एवं डिजिटल मोबाइल ऐप के शुभारंभ की घोषणा की गई।

संगठन के अनुसार इस डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से सदस्यता प्रक्रिया को सरल और तेज बनाया जाएगा। इसके जरिए प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में रहने वाले लोग घर बैठे डिजिटल माध्यम से संगठन से जुड़ सकेंगे। संगठन ने इसे बदलते तकनीकी दौर में सदस्यता अभियान को आधुनिक स्वरूप देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

प्रेस वार्ता में आगामी कार्ययोजना पर मंथन

कार्यक्रम के दौरान आयोजित प्रेस वार्ता एवं विचार गोष्ठी में प्रांतीय नेतृत्व ने पत्रकारों के सवालों के जवाब दिए। इस दौरान संगठन की आगामी कार्ययोजना, सदस्यता अभियान, सांगठनिक विस्तार और ग्राम स्तर तक संगठन को मजबूत करने को लेकर चर्चा की गई।

प्रांतीय नेतृत्व ने कहा कि संगठन का उद्देश्य हिंदुत्व के प्रचार-प्रसार के साथ जाति-विहीन एवं समरस हिंदू समाज की दिशा में कार्य करना और ग्राम स्तर तक राष्ट्रवादी चेतना को पहुंचाना है। इसके लिए प्रदेश के विभिन्न जिलों में संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक सक्रिय करने पर जोर दिया जाएगा।

कार्यक्रम का समापन भारत माता की जय, वंदे मातरम और जय श्री राम के गगनभेदी उद्घोष के साथ हुआ। सम्मेलन में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से पहुंचे पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने तथा आगामी कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।।