गुरुवार, 10 सितंबर 2026

गौतमबुद्धनगर में यूपी पुलिस की वार्षिक वॉलीबॉल-सेपक टकरा प्रतियोगिता का आगाज, मैदान में दिखा खिलाड़ियों का दमखम!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर में यूपी पुलिस की वार्षिक वॉलीबॉल-सेपक टकरा प्रतियोगिता का आगाज, मैदान में दिखा खिलाड़ियों का दमखम!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//नोएडा। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की मेजबानी में रिजर्व पुलिस लाइन्स स्थित ग्राउंड में गुरुवार को उत्तर प्रदेश पुलिस वार्षिक वॉलीबॉल क्लस्टर (वॉलीबॉल एवं सेपक टकरा) पुरुष एवं महिला प्रतियोगिता-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जोन और पीएसी की टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए अपनी टीमों को जीत दिलाने के लिए पूरा दमखम लगाया।

प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. राजीव नारायण मिश्र, अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) ने किया। इस दौरान अपर पुलिस आयुक्त (मुख्यालय) श्री अजय कुमार, पुलिस उपायुक्त लाइन्स डॉ. प्रवीन रंजन सिंह, पुलिस उपायुक्त सेंट्रल नोएडा श्री शैलेंद्र कुमार सिंह, सहायक पुलिस आयुक्त लाइन्स श्री शकील मोहम्मद सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

प्रतियोगिता के पहले दिन वॉलीबॉल और सेपक टकरा के पुरुष एवं महिला वर्ग में कई रोमांचक मुकाबले खेले गए। खिलाड़ियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली।

वॉलीबॉल के मुकाबलों में पीएसी पश्चिमी जोन और गोरखपुर जोन की जीत

वॉलीबॉल प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग के उद्घाटन मुकाबले में लखनऊ जोन और पीएसी पश्चिमी जोन की टीमें आमने-सामने रहीं। मुकाबले में पीएसी पश्चिमी जोन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लखनऊ जोन को 2-0 से हराकर जीत दर्ज की।

वहीं, पुरुष वर्ग के दूसरे मुकाबले में गोरखपुर जोन और पीएसी मध्य जोन के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। गोरखपुर जोन की टीम ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए पीएसी मध्य जोन को 2-1 से पराजित कर मुकाबला अपने नाम किया।

सेपक टकरा में पीएसी पश्चिमी और पीएसी मध्य जोन का शानदार प्रदर्शन

सेपक टकरा प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग के उद्घाटन मैच में बरेली जोन और पीएसी पश्चिमी जोन के बीच मुकाबला हुआ। पीएसी पश्चिमी जोन की टीम ने दमदार प्रदर्शन करते हुए बरेली जोन को 2-0 से शिकस्त दी।

दूसरे मुकाबले में पीएसी मध्य जोन और आगरा जोन की टीमें आमने-सामने आईं। इस मैच में पीएसी मध्य जोन ने शानदार खेल दिखाते हुए आगरा जोन को 2-0 से हराकर जीत हासिल की।

महिला वर्ग में लखनऊ और बरेली जोन ने फाइनल में बनाई जगह

सेपक टकरा प्रतियोगिता के महिला वर्ग के सेमीफाइनल मुकाबलों में भी खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। पहले सेमीफाइनल में वाराणसी जोन और लखनऊ जोन के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें लखनऊ जोन की टीम ने वाराणसी जोन को 2-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।

महिला वर्ग के दूसरे सेमीफाइनल में बरेली जोन और कानपुर जोन के बीच मुकाबला खेला गया। बरेली जोन की टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए कानपुर जोन को 2-0 से पराजित कर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।

प्रतियोगिता के शुभारंभ के साथ ही रिजर्व पुलिस लाइन्स का खेल मैदान खिलाड़ियों के उत्साह और जोश से सराबोर नजर आया। प्रतियोगिता के आगामी मुकाबलों में विभिन्न जोन की टीमें जीत के लिए जोर लगाएंगी।।