गुरुवार, 10 सितंबर 2026

गौतमबुद्धनगर: 14 सितंबर की किसान महापंचायत को लेकर किसानों ने भरी हुंकार, गांव-गांव जनसंपर्क का लिया संकल्प!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: 14 सितंबर की किसान महापंचायत को लेकर किसानों ने भरी हुंकार, गांव-गांव जनसंपर्क का लिया संकल्प!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//दनकौर। गौतमबुद्ध नगर में तीनों प्राधिकरणों से जुड़ी किसानों की लंबित मांगों को लेकर 14 सितंबर को प्रस्तावित किसान महापंचायत की तैयारियों को लेकर बुधवार को दनकौर के अट्टा गुजरान गांव में किसानों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता राजाराम प्रधान ने की, जबकि संचालन राजीव मलिक एवं अनित कसाना ने किया। बैठक में जिले के विभिन्न गांवों से पहुंचे किसानों ने महापंचायत को सफल बनाने के लिए रणनीति तैयार की और गांव-गांव जनसंपर्क अभियान चलाने का संकल्प लिया।

किसान नेता चौधरी राकेश टिकैत के आह्वान पर आयोजित इस बैठक में किसानों ने कहा कि लंबे समय से उनकी कई प्रमुख मांगें लंबित हैं। बैठक में भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रवक्ता पवन खटाना ने कहा कि किसानों को 64.7 प्रतिशत अतिरिक्त मुआवजा, आबादी निस्तारण, 10 प्रतिशत आवासीय प्लॉट और वर्ष 2013 के भूमि अधिग्रहण कानून को लागू करने जैसी मांगों को लेकर लगातार संघर्ष करना पड़ रहा है।

पवन खटाना ने कहा कि किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं होने के कारण 14 सितंबर को बड़ी संख्या में किसान ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के साथ यमुना प्राधिकरण पहुंचेंगे और वहां किसान महापंचायत एवं धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि महापंचायत को सफल बनाने के लिए जिले के गांवों में किसानों से संपर्क किया जा रहा है और अधिक से अधिक किसानों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

बैठक में मोहम्मदपुर गुर्जर, चक जलालाबाद, नवादा, पारसौल, जुनेदपुर, गुनपुरा, अट्टा गुजरान, बल्लू खेड़ा, कनारसी, चपरगढ़, रन्हेरा, झुप्पा, दनकौर, डाक सहित दर्जनों गांवों के किसानों ने भाग लिया। किसानों ने सर्वसम्मति से संकल्प लिया कि 14 सितंबर की महापंचायत को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने के लिए गांव-गांव जाकर किसानों को लामबंद किया जाएगा।

बैठक के दौरान किसानों ने एकजुट होकर नारा दिया—“14 सितंबर की करो तैयारी, गौतमबुद्ध नगर के किसानों की समस्याओं को लेकर होगी महापंचायत।”

किसानों ने कहा कि उनकी मांगें लंबे समय से शासन-प्रशासन के समक्ष उठाई जा रही हैं, लेकिन अपेक्षित समाधान नहीं होने के कारण अब आंदोलन को मजबूती देने का निर्णय लिया गया है। बैठक में मौजूद किसानों ने कहा कि 14 सितंबर को बड़ी संख्या में किसान एकजुट होकर अपनी मांगों की आवाज बुलंद करेंगे।

इस मौके पर अनित कसाना, सुरेंद्र नागर, राजे प्रधान, यशपाल सिंह, अशोक सिंह, सुनील प्रधान, वीरपाल, दिनेश, धर्मपाल स्वामी, डॉ. वीरपाल, रणवीर सिंह, श्यामवीर सिंह, सुभाष, सोनू बैसला, श्याम सिंह, अशोक कौशिक, नीरज कुमार सिंह, जितेंद्र गुर्जर, पवन नागर, संदीप खटाना, योगेश शर्मा, विकास भाटी, प्रकाश भाटी, राकेश चौधरी, लालाराम, राजू चौहान, अतुल चौहान, गुलफाम, हसरत प्रधान, नागेंद्र, प्रकाश फौजी, गुलाब चौधरी, अजीत अघाना, रविंद्र सिंह, गजेंद्र सिंह, ओम प्रकाश, चंद्रपाल, विनोद शर्मा, इंद्रीश, प्रिंस और गुल्लू अट्टा सहित सैकड़ों किसान मौजूद रहे।।