गोण्डा- जिले के इटियाथोक पावर हाउस की क्षमता कम होने से क्षेत्र के हजारों विजली उपभोक्ताओ को रात में अनेक बार विजली कटौती का सामना करना पड़ रहा है। उमस और गर्मी में बिजली के आंख मिचौली से आम जनता काफी आक्रोशित दिख रही है। एक तरफ जहां रात में बिजली कटौती से बच्चो की पढ़ाई बाधित होती है वहीं उनके सहित अन्य लोगो की नींद भी नही पूरी हो पाती है। इटियाथोक पावर हाउस पर तैनात एसएसओ और क्षेत्र के विजली कर्मचारियों का कहना है इटियाथोक पावर हाउस को इसी क्षेत्र में स्थित बेंदुली पावर हाउस से 33 हजार वोल्ट की विजली सप्लाई प्राप्त होती है। इन सभी का कहना है कि पूरी रात में बेंदुली से तीन या चार बार में कुल मिलाकर करीब 6 घंटे की रोस्टिंग की जाती है। बताया गया कि उक्त रोस्टिंग के बाद जब इटियाथोक पावर हाउस को सप्लाई प्राप्त होती है तो यहां से संचालित क्षेत्र के सभी फीडरों को एक साथ न चलाकर बारी बारी से थोड़ी थोड़ी देर तक चलाया जाता है और तब तक पुनः बेंदुली से रोस्टिंग हो जाती है। इसका कारण पूछने पर बताया गया कि इटियाथोक पावर हाउस पर एक मुख्य ट्रांसफार्मर 10 एमवीए का लगा है और उसी के साथ एक ट्रांसफार्मर 5 एमवीए का लगा है। यहां पर इन दोनो को मिलाकर इसकी क्षमता मात्र 15 एमवीए है, जबकि जरूरत 20 एमवीए के ट्रांसफार्मर की है। बताया गया कि इटियाथोक पावर हाउस की क्षमता जबतक नही बढ़ाई जाएगी तबतक लोकल विजली कटौती का क्रम ऐसे ही जारी रहेगा। वहीं बेंदुली से रात में 6 घंटे विजली कटौती का कारण पूछने पर बताया गया कि इन दिनों विजली उत्पादन कम हो रहा है इस वजह बेंदुली से इटियाथोक पावर हाउस को 24 घंटे की जगह मात्र 18 घंटे की सप्लाई प्राप्त हो रही है और बाकी 6 घंटे की रोस्टिंग रात में वहां से की जा रही है।
स्टाफ द्वारा बताया गया कि दिन के समय इटियाथोक पावर हाउस को सप्लाई प्राप्त होती रहती है लेकिन फीडरों के मरम्मत का कार्य भी दिन में होता है। इस वजह पूरे दिन क्षेत्र में सप्लाई दे पाना सम्भव नही होता है।
क्षेत्र के अजय, दिनेश, गुड्डू, बबलू, दुर्गेश, कमलेश, विन्देश्वरी, अनिल, इंद्रजीत, विवेक, रिजवान आदि ने कहा कि दिन तो किसी तरह से कट जाता है लेकिन रात में अनेक बार विजली काट दी जाती है, जिस वजह से काफी परेशानी होती है। लोगो ने कहा कि सरकार ग्रामीणों को 18 घंटे विजली देने की बात कर रही है और हम सबको अनेक किस्तो में 10 से 12 घंटे बिजली बमुश्किल मिल पाती है। इन लोगो का कहना है कि विगत कई वर्षों से इटियाथोक पावर हाउस के क्षमताबृद्धि की मांग हो रही है लेकिन सांसद, विधायक और विभागीय अधिकारी कोई ध्यान नही दे रहे है। इटियाथोक कस्बे के निवासी युवा नेता दिनेश शुक्ला ने कहा कि कुछ माह पूर्व एसडीओ शेषमणि त्रिपाठी व तत्कालीन जेई अजय कुमार गुप्ता से पावर हाउस में मीडिया के समक्ष मिलकर क्षमता बृद्धि के लिए वार्ता हुई थी और दोनो अधिकारियों ने लिखा पढ़ी किये जाने की जानकारी दी थी किन्तु पता नही क्यों अभी तक यह कार्य नही किया गया।
इस बाबत इटियाथोक पावर हाउस पर तैनात अवर अभियंता अंकुर सिंह ने कहा कि बेंदुली से इन दिनों मात्र 18 घंटे सप्लाई हमे प्राप्त हो रही है और रात में रोस्टिंग होती है इस वजह अधिक समस्या आ रही है। उन्होंने कहा कि इटियाथोक पावर हाउस पर 5 एमवीए के एक और ट्रांसफार्मर को स्थापित कराने हेतु लिखा पढ़ी हुई है, जल्द ही कार्य होने की उम्मीद है।
