लखनऊ :
PGI क्षेत्र में युवक की पीट-पीटकर हत्या से मचा हड़कंप; दो हिरासत में पूछताछ जारी।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के पीजीआई थाना क्षेत्र के सभाखेड़ा गांव में गुरुवार शाम आपसी विवाद के दौरान एक युवक की पीट-पीटकर हत्या किए जाने से हड़कंप मच गया। मारपीट में गंभीर रूप से घायल युवक को पुलिस ने इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले में दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
विस्तार :
पुलिस के अनुसार, गुरुवार 24 सितंबर 2026 की शाम करीब 7:30 बजे थाना पीजीआई पुलिस को सभाखेड़ा गांव में झगड़ा होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल प्रवीण (26 वर्ष), पुत्र रमाशंकर उर्फ राममिलन को उपचार के लिए अस्पताल भेजा।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि प्रवीण शराब का आदी था और अक्सर सभाखेड़ा स्थित हनुमान पुत्र स्वर्गीय मिश्रीलाल के घर के सामने बनी परचून की दुकान पर शराब पीकर पहुंचता था। आरोप है कि वह परिवार के लोगों से गाली-गलौज करता रहता था।
गुरुवार शाम भी गाली-गलौज को लेकर विवाद हुआ। इसी दौरान हनुमान के छोटे बेटे शुभम से प्रवीण की मारपीट हो गई। आरोप है कि इसके बाद शुभम, उसके बड़े भाई रवि कुमार तथा परिवार के अन्य सदस्यों ने प्रवीण के साथ मारपीट की, जिसमें उसके सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल प्रवीण को तत्काल इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर भेजा, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने रवि कुमार और हनुमान को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटना की जांच के साथ ही पुलिस द्वारा अन्य तथ्यों की भी पड़ताल की जा रही है। मृतक के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
◆घटना को लेकर DCP साउथ मो०मुश्ताक की बाइट-
