गुरुवार, 24 सितंबर 2026

गौतमबुद्धनगर: जाणता राजा से गूंजेगा छत्रपति शिवाजी महाराज के हिंदवी स्वराज्य का संदेश, नोएडा में आज प्रबुद्ध सम्मेलन।।Gautam Buddha Nagar: Chhatrapati Shivaji Maharaj's message of Hindu Swarajya will resonate from Janata Raja, enlightened conference in Noida today!!||

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: जाणता राजा से गूंजेगा छत्रपति शिवाजी महाराज के हिंदवी स्वराज्य का संदेश, नोएडा में आज प्रबुद्ध सम्मेलन।

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा, 24 सितंबर। छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन, संघर्ष, राष्ट्रचेतना और हिंदवी स्वराज्य की संकल्पना को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से ऐतिहासिक महानाट्य ‘जाणता राजा’ के आयोजन की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में शुक्रवार, 25 सितंबर को नोएडा के सेक्टर-38 स्थित आदित्य बैंक्वेट, बॉटनिकल गार्डन में शाम 6 बजे ‘हिंदवी स्वराज्य के संस्थापक छत्रपति शिवाजी महाराज’ विषय पर प्रबुद्ध सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। महानाट्य का भव्य मंचन अक्टूबर में गाजियाबाद में प्रस्तावित है।

महानाट्य के आयोजन को लेकर गुरुवार को नोएडा मीडिया क्लब में प्रेसवार्ता आयोजित की गई। आयोजन समिति के अध्यक्ष राजेश कुमार गुप्ता ने बताया कि ‘जाणता राजा’ का देश-विदेश में अब तक 1300 से अधिक बार मंचन हो चुका है और करीब 70 लाख दर्शक इसे देख चुके हैं। उन्होंने बताया कि यह केवल एक नाट्य प्रस्तुति नहीं, बल्कि छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन, संघर्ष और स्वराज्य की विचारधारा को भव्य मंचीय रूप में प्रस्तुत करने वाला ऐतिहासिक आयोजन है।

उन्होंने बताया कि महानाट्य के लिए करीब दो लाख वर्गफीट का चार मंजिला मंच तैयार किया जाता है। इसमें लगभग 250 कलाकार, 20 फीट ऊंची मां तुलजा भवानी की प्रतिमा और विशाल रंगभूमि प्रमुख आकर्षण होंगे। मंचन को प्रभावशाली बनाने के लिए हाथी, घोड़े, ऊंट, बैलगाड़ी और पालकी का भी प्रयोग किया जाएगा।

दिव्य प्रेम सेवा मिशन के अध्यक्ष डॉ. आशीष गौतम ने बताया कि ‘जाणता राजा’ के आयोजन के पीछे दो प्रमुख उद्देश्य हैं। पहला, युवा पीढ़ी को छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन, संघर्ष और आदर्शों से परिचित कराना तथा दूसरा, समाज को संस्था के विभिन्न सेवा प्रकल्पों से जोड़ना। उन्होंने बताया कि इससे पहले लखनऊ और आगरा में भी महानाट्य का आयोजन किया जा चुका है। इस बार दिल्ली-एनसीआर और आसपास के जिलों में व्यापक स्तर पर संपर्क अभियान चलाया जा रहा है।

आयोजन समिति के प्रभारी राघवेन्द्र सिंह ने बताया कि 25 सितंबर को होने वाले प्रबुद्ध सम्मेलन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय संपर्क प्रमुख रामलाल जी मुख्य वक्ता होंगे, जबकि उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री असीम अरुण मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। सम्मेलन की अध्यक्षता फोरम नोएडा के अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा करेंगे।

आयोजन समिति के संयोजक विनय चौधरी ने बताया कि प्रबुद्ध सम्मेलन के माध्यम से छात्रों, व्यवसायियों, चिकित्सकों, शिक्षाविदों और समाज के विभिन्न वर्गों को आयोजन से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह सम्मेलन अक्टूबर में होने वाले महानाट्य से पहले महत्वपूर्ण संवाद का मंच बनेगा, जहां छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन और हिंदवी स्वराज्य की संकल्पना पर विचार-विमर्श किया जाएगा।आयोजकों के मुताबिक ‘जाणता राजा’ के माध्यम से इतिहास, संस्कृति और सेवा को एक मंच पर लाने का प्रयास किया जा रहा है। इसका उद्देश्य छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन, संघर्ष, नेतृत्व और स्वराज्य की संकल्पना से नई पीढ़ी को परिचित कराना है। आयोजन को लेकर दिल्ली-एनसीआर में व्यापक स्तर पर तैयारियां और जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है।।

◆ विनय चौधरी के द्वारा दी गई जानकारी --