गौतमबुद्धनगर: सत्यवती मिश्रा की तेरहवीं में उमड़ा जनसैलाब, उपराष्ट्रपति, पूर्व राष्ट्रपति और रक्षा मंत्री ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि!!
दो टूक//नोएडा। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं राजस्थान के पूर्व राज्यपाल पंडित कलराज मिश्रा की धर्मपत्नी स्वर्गीय श्रीमती सत्यवती मिश्रा के तेरहवीं संस्कार के अवसर पर नोएडा में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में देशभर से राजनीतिक, सामाजिक, शैक्षणिक और पत्रकारिता जगत की अनेक प्रमुख हस्तियां पहुंचीं। श्रद्धांजलि सभा में बड़ी संख्या में लोगों ने शामिल होकर दिवंगत आत्मा को नमन किया और शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
कार्यक्रम में भारत के उपराष्ट्रपति श्री सी. पी. राधाकृष्णन, पूर्व राष्ट्रपति श्री रामनाथ कोविंद तथा रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह विशेष रूप से पहुंचे। तीनों शीर्ष नेताओं ने स्वर्गीय सत्यवती मिश्रा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उन्होंने पंडित कलराज मिश्रा एवं उनके परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं और इस कठिन समय में परिवार को ढांढस बंधाया।
श्रद्धांजलि सभा में मिजोरम के राज्यपाल जनरल (डॉ.) विजय कुमार सिंह (सेवानिवृत्त), पूर्व केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, पूर्व केंद्रीय मंत्री रवि शंकर प्रसाद तथा उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक सहित अनेक वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
इसके अलावा उत्तर प्रदेश सरकार की कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य, भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी, राज्यसभा सांसद लक्ष्मीकांत वाजपेयी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रमापति राम त्रिपाठी, सांसद डॉ. महेश शर्मा, सांसद रमेश अवस्थी, नोएडा के प्रभारी मंत्री कुंवर बृजेश सिंह, नोएडा विधायक पंकज सिंह, राज्यमंत्री विजय लक्ष्मी गौतम, राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा और पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने भी पहुंचकर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
दलीय सीमाओं से परे नेताओं ने जताया शोक
सत्यवती मिश्रा की श्रद्धांजलि सभा में दलीय सीमाओं से परे विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। सहकारिता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जे.पी.एस. राठौर, आयुष राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव, राज्यमंत्री हंस राज विश्वकर्मा और प्रदेश उपाध्यक्ष नीरज सिंह ने परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं राज्यसभा में कांग्रेस के उपनेता प्रमोद तिवारी ने भी पंडित कलराज मिश्रा से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की।
सामाजिक, शैक्षणिक और पत्रकारिता जगत की हस्तियां भी पहुंचीं
श्रद्धांजलि सभा में इतिहास संकलन के संगठन मंत्री बालमुकुंद, पद्मश्री एवं वरिष्ठ समाजसेवी अशोक भगत, एमिटी एजुकेशन ग्रुप के चेयरमैन अतुल चौहान, नोएडा मीडिया क्लब के अध्यक्ष आलोक द्विवेदी, दो टूक मीडिया के संपादक एवं वरिष्ठ पत्रकार देव गुर्जर, वरिष्ठ पत्रकार सईद अंसारी, वरिष्ठ पत्रकार महेश चौधरी, त्रिलोक शर्मा, योगेंद्र शर्मा, खुर्रम रिजवी और अमित त्यागी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे।
किसान और सामाजिक क्षेत्र से भी कई प्रमुख लोगों ने पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। किसान नेता राकेश टिकैत तथा सामाजिक एवं किसान नेता नरेश सिरोही सहित देश के विभिन्न हिस्सों से आए लोगों ने स्वर्गीय सत्यवती मिश्रा को श्रद्धासुमन अर्पित किए और पंडित कलराज मिश्रा एवं उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित लोगों ने स्वर्गीय सत्यवती मिश्रा के सरल, सहज और सामाजिक जीवन को याद करते हुए उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। सभी ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति दें।।
