लखनऊ:
PGI क्षेत्र में सड़क किनारे खड़ी कार शीशा तोड़कर हुई चोरी,चौकी के सामने दिनदहाड़े मारपीट—फिर भी पुलिस बेखबर!
●तेलीबाग में कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल, कार चोरी के बाद 6 घंटे तक नहीं पहुंची स्थानीय पुलिस; चौकी के सामने बवाल का वीडियो वायरल।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के पीजीआई थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले बुलंद और पुलिस की सक्रियता सवालों के घेरे में नजर आ रही है। कहीं बाइक-स्कूटी चोरी तो कहीं घरों के ताले टूटने की घटनाओं के बीच अब मुख्य मार्ग के किनारे खड़ी महंगी i20 कार का शीशा तोड़कर चोरी किए जाने का मामला सामने आया है। हैरानी की बात यह है कि पीड़ित द्वारा डायल-112 और स्थानीय पुलिस चौकी पर सूचना देने के बावजूद आरोप है कि स्थानीय पुलिस करीब छह घंटे बाद घटनास्थल पर पहुंची। इतना ही नहीं, पीड़ित के मुताबिक अभी तक मामले में एफआईआर भी दर्ज नहीं की गई है।
विस्तार :
मामला पीजीआई थाना क्षेत्र के नेपालगंज, तेलीबाग का है। कारोबारी आफताब आलम परिवार के साथ नेपालगंज तेलीबाग लखनऊ में रहते हैं। उनके पास UP-32-LK-6891 नंबर की कार है। पीड़ित के अनुसार बुधवार रात रोजाना की तरह काम से लौटने के बाद उन्होंने कार सड़क किनारे खड़ी की और घर चले गए। गुरुवार सुबह जब वह कार लेने पहुंचे तो मौके का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। कार वहां नहीं थी, जबकि सड़क पर कार का टूटा हुआ शीशा पड़ा था। आशंका है कि चोरों ने शीशा तोड़कर कार में प्रवेश किया और वाहन लेकर फरार हो गए।
घटना से परेशान पीड़ित ने डायल-112 पर पुलिस सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पूछताछ के बाद थाने में तहरीर देने की बात कही और चली गई। पीड़ित का आरोप है कि तेलीबाग पुलिस चौकी पर लिखित सूचना देने के बाद भी स्थानीय पुलिस कई घंटे तक घटनास्थल पर नहीं पहुंची। करीब छह घंटे बाद चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचे और आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की लेकिन तहरीर पर एफआईआर दर्ज नहीं हुई थी।
खुलेआम चौकी के सामने मारपीट,पुलिस रही नदारद।
इसी बीच तेलीबाग बाजार में पुलिस की कार्यशैली पर एक और सवाल खड़ा करने वाला मामला सामने आया। तेलीबाग पुलिस चौकी के ठीक सामने गुरुवार को दिनदहाड़े दो पक्ष आपस में भिड़ गए। सड़क पर दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक मारपीट और हंगामा होता रहा, लेकिन आरोप है कि मौके पर पुलिसकर्मी दिखाई नहीं दिए।
बवाल बढ़ता देख राहगीरों और स्थानीय लोगों ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को अलग कराया और मामला शांत कराया। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
एक ही दिन में दो घटनाओं ने उठाए बड़े सवाल।
एक तरफ मुख्य मार्ग के किनारे खड़ी कार का शीशा तोड़कर चोर वाहन लेकर फरार हो जाते हैं और दूसरी तरफ पुलिस चौकी के सामने ही दिनदहाड़े मारपीट होती रहती है। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब पुलिस चौकी के सामने ही कानून-व्यवस्था तार-तार हो रही हो और सड़क किनारे खड़ी कार सुरक्षित न हो तो आम नागरिक अपनी सुरक्षा को लेकर किस पर भरोसा करे?
कार चोरी के मामले में पीजीआई थाना प्रभारी सुनील कुमार सिंह का कहना है कि पुलिस घटना की जांच कर रही है। जांच के बाद एफआईआर दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। अब देखने वाली बात यह होगी कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार चोरी करने वाले आरोपियों तक कब पहुंचती है और वही चौकी के सामने हुए खुलेआम बवाल के मामले में क्या कार्रवाई करती है।
