शनिवार, 26 सितंबर 2026

गौतमबुद्धनगर: यूपी ट्रेड शो में जेन अल्फा ने संभाली दुनिया की कमान, MUN में वैश्विक व्यापार से AI तक पर हुआ मंथन!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: यूपी ट्रेड शो में जेन अल्फा ने संभाली दुनिया की कमान, MUN में वैश्विक व्यापार से AI तक पर हुआ मंथन!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

100 से अधिक विद्यार्थियों ने निभाई विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों की भूमिका, ‘विकसित भारत 2047’ पर रखे विचार; कूटनीति, व्यापार और वैश्विक अर्थव्यवस्था को करीब से समझा

दो टूक//ग्रेटर नोएडा, 26 सितंबर। उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 में शनिवार को नई पीढ़ी ने वैश्विक मंच का अनुभव हासिल किया। इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित ‘विकसित भारत मॉडल यूनाइटेड नेशंस (MUN)’ में कक्षा 9 से 12 तक के 14 विद्यालयों के 100 से अधिक विद्यार्थियों ने विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों की भूमिका निभाई। विद्यार्थियों ने वैश्विक व्यापार, विश्व अर्थव्यवस्था, तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और बदलती वैश्विक सप्लाई चेन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गंभीर चर्चा की।

यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए महज एक शैक्षणिक गतिविधि नहीं रहा, बल्कि उन्हें अंतरराष्ट्रीय कूटनीति, वैश्विक व्यापार और नीति निर्माण की प्रक्रिया को करीब से समझने का व्यावहारिक अवसर मिला। अलग-अलग देशों का प्रतिनिधित्व कर रहे विद्यार्थियों ने संबंधित देशों की आर्थिक परिस्थितियों, व्यापार नीतियों और वैश्विक मुद्दों पर उनके रुख का अध्ययन करने के बाद अपनी बात अंतरराष्ट्रीय मंच की शैली में प्रभावी ढंग से रखी।

‘विकसित भारत 2047’ पर केंद्रित रहा संवाद

मॉडल यूनाइटेड नेशंस का मुख्य विषय ‘विकसित भारत 2047’ रहा। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को यह समझाने का प्रयास किया गया कि वैश्विक अर्थव्यवस्था किस प्रकार काम करती है और अंतरराष्ट्रीय व्यापार से जुड़े फैसले देशों की अर्थव्यवस्था, उद्योग और सप्लाई चेन को किस तरह प्रभावित करते हैं।

विद्यार्थियों ने विश्व व्यापार संगठन (WTO) के सदस्य देशों का प्रतिनिधित्व करते हुए वैश्विक व्यापार व्यवस्था से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विचार रखे। चर्चा में सप्लाई चेन मैनेजमेंट, ट्रेड फैसिलिटेशन एग्रीमेंट, डिजिटल ट्रेड पर मोरेटोरियम, रूल्स ऑफ ओरिजिन, ऑटोमेशन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और ई-कॉमर्स जैसे विषय प्रमुख रहे।

देशों का प्रतिनिधित्व कर विद्यार्थियों ने समझी वैश्विक अर्थव्यवस्था

एमयूएन की खास बात यह रही कि विद्यार्थियों को केवल किसी देश का प्रतिनिधि बनकर अपनी बात रखने तक सीमित नहीं रखा गया। उन्हें संबंधित देश की आर्थिक स्थिति, व्यापार नीति और वैश्विक मुद्दों पर उसके दृष्टिकोण को समझने के बाद अपनी स्थिति प्रस्तुत करनी थी।

इस प्रक्रिया के दौरान विद्यार्थियों ने महसूस किया कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर किसी मुद्दे पर निर्णय केवल एक देश के हितों को ध्यान में रखकर नहीं लिया जाता, बल्कि विभिन्न देशों के आर्थिक हितों, परिस्थितियों और वैश्विक समीकरणों का भी ध्यान रखना पड़ता है।

तर्क-वितर्क, संवाद, सहमति निर्माण और कूटनीतिक तरीके से अपनी बात रखने की प्रक्रिया ने विद्यार्थियों में पब्लिक स्पीकिंग, रिसर्च, क्रिटिकल थिंकिंग, नेगोशिएशन और निर्णय लेने की क्षमता को बढ़ावा दिया।

ट्रेड शो बना कक्षा से वैश्विक मंच तक का सेतु

यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में आयोजित इस पहल ने विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तकों से बाहर निकलकर वैश्विक व्यापार की वास्तविक दुनिया को समझने का अवसर दिया। विद्यार्थियों ने जाना कि किसी उत्पाद के निर्माण से लेकर उसके दुनिया के अलग-अलग बाजारों तक पहुंचने में वैश्विक सप्लाई चेन, तकनीक, व्यापार समझौते और सरकारी नीतियां किस प्रकार महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

एमयूएन के साथ विद्यार्थियों ने ट्रेड शो में उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से लगाए गए विभिन्न पवेलियन का भी भ्रमण किया। यहां उन्होंने प्रदेश के उद्योग, निवेश, निर्यात, तकनीक, हस्तशिल्प, संस्कृति और विरासत से जुड़े विभिन्न पहलुओं को करीब से देखा। इससे विद्यार्थियों को उत्तर प्रदेश की आर्थिक क्षमता के साथ देश और प्रदेश की सांस्कृतिक विविधता को समझने का भी अवसर मिला।

बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को किया सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न देशों का प्रभावी प्रतिनिधित्व करने और चर्चा में उल्लेखनीय योगदान देने वाले विद्यार्थियों को ‘बेस्ट डेलीगेट’, ‘हाई कमेंडेशन’ और ‘स्पेशल मेंशन’ जैसे पुरस्कार प्रदान किए गए। इसके अलावा सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण-पत्र भी दिए गए।

14 विद्यालयों के 100 से अधिक विद्यार्थियों की भागीदारी

कार्यक्रम में रायन इंटरनेशनल स्कूल, एस्टर पब्लिक स्कूल, स्पर्श इंटरनेशनल स्कूल, जेएम इंटरनेशनल स्कूल, खेतान स्कूल, भारत राम ग्लोबल स्कूल, दिल्ली पब्लिक स्कूल, नारायणा स्कूल, असीसी कॉन्वेंट स्कूल, एमसी गोपीचंद इंटर कॉलेज, जागरण पब्लिक स्कूल और समरविल स्कूल समेत विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।

नई पीढ़ी को दी गई वैश्विक सोच की दिशा

‘विकसित भारत 2047’ की परिकल्पना को नई पीढ़ी से जोड़ने के लिहाज से यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए खास रहा। वैश्विक व्यापार, तकनीक, एआई, ई-कॉमर्स और सप्लाई चेन जैसे विषयों पर चर्चा ने उन्हें भविष्य की बदलती अर्थव्यवस्था और उसमें भारत की संभावित भूमिका को समझने का अवसर दिया।

ट्रेड शो के बीच आयोजित मॉडल यूनाइटेड नेशंस की खासियत यह रही कि विद्यार्थियों को एक बड़े अंतरराष्ट्रीय व्यापार आयोजन के माहौल में बैठकर उन मुद्दों पर विचार रखने का अवसर मिला, जिनका सीधा संबंध भविष्य की वैश्विक अर्थव्यवस्था से है।

स्वागत उद्बोधन से हुई कार्यक्रम की शुरुआत

कार्यक्रम की शुरुआत जिला विद्यालय निरीक्षक, गौतमबुद्ध नगर चंद्रशेखर के स्वागत उद्बोधन से हुई। इस अवसर पर रायन इंटरनेशनल स्कूल, ग्रेटर नोएडा की प्रधानाचार्या सुधा सिंह ने उनका सम्मान किया।

कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी ने पूरे आयोजन को संवाद, विचार-विमर्श और सीखने के जीवंत मंच में बदल दिया। विद्यार्थियों ने न केवल विभिन्न देशों की भूमिका निभाई, बल्कि अंतरराष्ट्रीय व्यापार और कूटनीति की जटिलताओं को समझते हुए भविष्य के वैश्विक नागरिक के रूप में अपनी समझ और आत्मविश्वास का भी प्रदर्शन किया।।