मऊ :
रेलवे स्टेशन पर यात्रियों से चेन झपटमारी करने वाली तीन महिलाएं गिरफ्तार।
◆नेपाल ले जाकर बेचती थीं चोरी के गहने।।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में यात्रियों के गहने व सामान चोरी तथा झपटमारी करने वाले गिरोह का जीआरपी मऊ पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन शातिर महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी के सोने के आभूषण बेचकर प्राप्त 68,500 रुपये नकद, करीब 12 हजार रुपये कीमत का वीवो मोबाइल फोन और करीब डेढ़ इंच लंबा नुकीला चाकू बरामद किया है। पुलिस के अनुसार बरामदगी की कुल कीमत करीब 80,500 रुपये है।
विस्तार :
पुलिस अधीक्षक रेलवे अनुभाग गोरखपुर लक्ष्मी निवास मिश्र तथा पुलिस उपाधीक्षक रेलवे बलिया सविरत्न गौतम के निर्देशन में रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में अपराध की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान यह कार्रवाई की गई।
6 सितंबर 2026 की सुबह करीब 6:30 बजे मुखबिर की सूचना पर जीआरपी पुलिस ने मऊ रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 04/05 के उत्तरी छोर से तीन संदिग्ध महिलाओं को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार महिलाओं की पहचान संगीता पत्नी ईश्वर (42), निवासी कुरांव, थाना बड़हलगंज, गोरखपुर; कविता पत्नी सचिन (24), निवासी एकला हतौवा टोला, थाना गुलरिया, गोरखपुर, हाल पता मऊ हाटा बाजार, कुशीनगर; तथा रागिनी पत्नी सूरज (26), निवासी कुरांव, थाना बड़हलगंज, गोरखपुर के रूप में हुई।
●बेल्थरा रोड स्टेशन पर झपटी थी सोने की चेन।
पुलिस के मुताबिक 19 अगस्त 2026 को अल्का यादव पत्नी शैलेश यादव निवासी चमरियांव, थाना घोसी, मऊ, ट्रेन संख्या 65107 भटनी-वाराणसी सिटी मेमू से यात्रा कर रही थीं। बेल्थरा रोड रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-01 से ट्रेन में चढ़ते समय तीन अज्ञात महिलाओं ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली थी। मामले में जीआरपी मऊ में मुकदमा अपराध संख्या 52/2026, धारा 304(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
तलाशी के दौरान संगीता के पास से 35,600 रुपये और नुकीला चाकू, कविता के पास से वीवो मोबाइल और 16,400 रुपये, जबकि रागिनी के पास से 16,500 रुपये नकद बरामद हुए। इस तरह पुलिस ने कुल 68,500 रुपये नकद बरामद किए।
●नेपाल ले जाकर बेचती थीं चोरी के गहने।
पूछताछ में पुलिस के अनुसार आरोपित महिलाओं ने बताया कि वे मिलकर ट्रेनों में यात्रियों के गहने और सामान चोरी करने के साथ झपटमारी करती थीं। चोरी अथवा झपटमारी में मिले आभूषणों को नेपाल ले जाकर अथवा राह चलते लोगों को मजबूरी बताकर कम कीमत में बेच देती थीं। आभूषणों की बिक्री से मिलने वाली रकम से वे अपना खर्च चलाती थीं।
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमा अपराध संख्या 52/2026 में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की है। तीनों आरोपित महिलाओं का चालान कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
●कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम।
कार्रवाई करने वाली टीम में जीआरपी बेल्थरा रोड चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक मो. अबुशाद अहमद, हेड कांस्टेबल राजकुमार पटेल, हेड कांस्टेबल नीरज कुमार, कांस्टेबल दिनेश कुमार तथा महिला कांस्टेबल प्रियंका यादव शामिल रहीं।
