गौतमबुद्धनगर: सेक्टर-63 में मोबाइल स्नेचर गिरोह का पर्दाफाश, 31 मोबाइल के साथ दो शातिर गिरफ्तार!!
मोबाइल का पासवर्ड तोड़कर Paytm-PhonePe से करते थे रकम ट्रांसफर, राहगीरों को सस्ते दाम में बेच देते थे चोरी के फोन; अवैध चाकू और वारदात में इस्तेमाल बाइक भी बरामद
दो टूक//नोएडा। थाना सेक्टर-63 पुलिस ने मोबाइल फोन स्नेचिंग और चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से स्नेचिंग और चोरी के कुल 31 मोबाइल फोन, एक अवैध चाकू और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पुष्पेंद्र (23) और ध्रुव (19) के रूप में हुई है। दोनों गाजियाबाद के कृष्णानगर बागू क्षेत्र के रहने वाले हैं।
पुलिस के मुताबिक, 6 सितंबर 2026 को थाना सेक्टर-63 पुलिस टीम ने स्थानीय इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को बी-1, सेक्टर-63 में हल्दीराम कट की ओर जाने वाली सर्विस रोड से गिरफ्तार किया।
मोबाइल छीनने के बाद बैंक खाते से उड़ाए थे 93,500 रुपये
पुलिस के अनुसार, एक पीड़ित ने शिकायत दी थी कि दो बाइक सवार बदमाश उसका सैमसंग मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए। इसके बाद बदमाशों ने मोबाइल से लिंक बैंक खाते का इस्तेमाल करते हुए 93,500 रुपये निकाल लिए। मामले में थाना सेक्टर-63 पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की।
पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए पीड़ित के बैंक खाते से ट्रांसफर किए गए 70 हजार रुपये डेबिट/फ्रीज कराए और आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से पीड़ित का सैमसंग मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया।
पासवर्ड तोड़कर करते थे ऑनलाइन ठगी
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे बरामद मोटरसाइकिल से राह चलते लोगों के मोबाइल फोन छीनते थे। इसके बाद मोबाइल का पासवर्ड तोड़कर उसमें मौजूद Paytm और PhonePe जैसे डिजिटल पेमेंट माध्यमों के जरिए अपने खातों में रकम ट्रांसफर कर लेते थे।
आरोपियों के मुताबिक, जब उनके पास बड़ी संख्या में चोरी और छीने हुए मोबाइल फोन इकट्ठा हो जाते थे, तो वे उन्हें कम कीमत में राह चलते लोगों को अपनी मजबूरी बताकर बेच देते थे। मोबाइल बेचकर मिलने वाली रकम को दोनों आपस में बांट लेते थे और उसे मौज-मस्ती में खर्च करते थे। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास से बरामद चाकू का इस्तेमाल लोगों को डराने-धमकाने के लिए किया जाता था।
दोनों आरोपियों पर पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी ध्रुव के खिलाफ गौतमबुद्धनगर और गाजियाबाद के विभिन्न थानों में चोरी, मोबाइल स्नेचिंग, बरामदगी और आर्म्स एक्ट समेत 10 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं आरोपी पुष्पेंद्र के खिलाफ थाना सेक्टर-63 में चोरी/स्नेचिंग और अवैध हथियार से संबंधित चार मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
यह सामान हुआ बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से:
- 30 मोबाइल फोन चोरी/स्नेचिंग के
- 01 सैमसंग मोबाइल फोन, संबंधित मुकदमे से जुड़ा
- 01 अवैध चाकू
- 01 हीरो एक्सट्रीम 125 मोटरसाइकिल, रजिस्ट्रेशन नंबर UP-16-FD-8841
बरामद की है।
पुलिस दोनों आरोपियों के आपराधिक नेटवर्क और उनके द्वारा पूर्व में की गई अन्य मोबाइल स्नेचिंग व चोरी की वारदातों के संबंध में भी जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ और जांच के आधार पर गिरोह से जुड़ी अन्य घटनाओं का खुलासा होने की संभावना है।
