बुधवार, 9 सितंबर 2026

मऊ :संकरा मार्ग बना परेशानी का सबब, स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर ग्रामीण चिंतित।।||Mau:Narrow roads pose a problem, and villagers are concerned about the safety of schoolchildren.||

शेयर करें:
मऊ :
संकरा मार्ग बना परेशानी का सबब, स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर ग्रामीण चिंतित।।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक  : मऊ जनपद के कोपागंज क्षेत्र के ग्राम लाड़नपुर से देवकली ग्रामसभा को जोड़ने वाला करीब 15 वर्ष पुराना खड़ंजा मार्ग लंबे समय से बदहाली का दंश झेल रहा है। सड़क जर्जर होने के साथ ही बेहद संकरी है, जिसके चलते ग्रामीणों को रोजाना आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान और खंड विकास अधिकारी से मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कराकर चौड़ीकरण के साथ इंटरलॉकिंग अथवा आरसीसी सड़क निर्माण कराने की मांग की है।
ग्रामीण उत्सव राय ने बताया कि लाड़नपुर में परिणीति धुलाई सेंटर के बगल से मुख्य मार्ग होते हुए देवकली को जाने वाला यह रास्ता करीब 15 वर्षों से खड़ंजे के रूप में बना हुआ है। निर्माण के बाद से मार्ग की समुचित मरम्मत और विकास कार्य नहीं होने के कारण इसकी हालत लगातार खराब होती गई है।
दो वाहनों के आमने-सामने आने पर बढ़ जाती है मुश्किल
ग्रामीणों के मुताबिक मार्ग के दोनों किनारों पर जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं। सड़क की चौड़ाई इतनी कम है कि दो वाहन आमने-सामने आने पर एक वाहन को रोककर दूसरे के निकलने का इंतजार करना पड़ता है। बारिश के दिनों में सड़क की स्थिति और भी खराब हो जाती है तथा जलभराव के कारण राहगीरों की परेशानी बढ़ जाती है।
स्कूली बच्चों की सुरक्षा बनी चिंता
इस मार्ग से प्रतिदिन स्कूली बच्चों को लेकर वाहन भी गुजरते हैं। संकरी सड़क और दोनों ओर बने गड्ढों के कारण बच्चों एवं राहगीरों की सुरक्षा को लेकर ग्रामीण चिंतित हैं। उनका कहना है कि यदि समय रहते मार्ग का कायाकल्प नहीं कराया गया तो भविष्य में गंभीर दुर्घटना की आशंका बनी रहेगी।
उत्सव राय ने ग्राम प्रधान एवं खंड विकास अधिकारी से मौके पर अधिकारियों को भेजकर स्थलीय निरीक्षण, मार्ग की माप और आवश्यक आकलन कराने की मांग की है। उन्होंने प्राथमिकता के आधार पर पहले सड़क का चौड़ीकरण कराने, इसके बाद इंटरलॉकिंग अथवा आरसीसी सड़क का निर्माण कराने की मांग की। साथ ही दोनों ओर के गड्ढों को भरवाने और जल निकासी की समुचित व्यवस्था किए जाने का भी अनुरोध किया है।
ग्रामीणों का कहना है कि यह मार्ग आसपास के गांवों के लोगों के दैनिक आवागमन का महत्वपूर्ण साधन है। सड़क के बेहतर निर्माण से लाड़नपुर और आसपास के ग्रामीणों को आवागमन के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य दैनिक जरूरतों के लिए काफी राहत मिलेगी। ग्रामीणों ने जनहित को देखते हुए संबंधित अधिकारियों से शीघ्र कार्रवाई कर सड़क के चौड़ीकरण एवं निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की है।