बुधवार, 9 सितंबर 2026

मऊ :शराब की दुकान बंद कराने सड़कों पर उतरीं सैकड़ों महिलाएं,पुलिस के फूले हाथ- पॉव।।||Mau:Hundreds of women took to the streets to demand the closure of a liquor shop, leaving the police helpless.||

शेयर करें:
मऊ :
शराब की दुकान बंद कराने सड़कों पर उतरीं सैकड़ों महिलाएं,पुलिस के फूले हाथ- पॉव।।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : कोतवाली घोसी क्षेत्र कटिहारी में लाठी-डंडे लेकर धरने पर बैठीं महिलाएं, दुकान हटाने और रामअवतार हत्याकांड के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग।
विस्तार :
मऊ जनपद के घोसी क्षेत्र आबादी के बीच संचालित कम्पोजिट शराब की दुकान को लेकर मंगलवार को कटिहारी में महिलाओं का आक्रोश सड़क पर उतर आया। सैकड़ों महिलाएं हाथों में लाठी-डंडे लेकर शराब की दुकान के बाहर पहुंचीं और करीब चार घंटे तक धरना-प्रदर्शन कर प्रशासन के खिलाफ आवाज बुलंद की। महिलाओं ने शराब की दुकान को तत्काल आबादी से बाहर स्थानांतरित करने के साथ रामगढ़ निवासी रामअवतार सिंह की मौत के मामले में आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
प्रदर्शनकारी महिलाओं का आरोप है कि शुक्रवार को इसी शराब की दुकान पर हुए विवाद के बाद रामअवतार सिंह की मौत हो गई थी, लेकिन घटना के बावजूद दुकान का संचालन जारी है। महिलाओं ने दुकान के सेल्समैन के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग उठाई। उनका कहना था कि शराब की दुकान के आसपास आए दिन विवाद और मारपीट की घटनाएं होती हैं, जिससे स्थानीय लोगों, महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा पर खतरा बना रहता है।
●लाठी-डंडे लेकर पहुंचीं महिलाएं, दुकान हटाने पर अड़ीं।
धरने में शामिल आशा सिंह, गीता सिंह, सुमन, मनभावती और पिंकी समेत अन्य महिलाओं ने कहा कि आबादी के बीच शराब की दुकान होने से माहौल खराब हो रहा है। महिलाओं ने प्रशासन से दो टूक मांग की कि दुकान को तत्काल आबादी से दूर कराया जाए और रामअवतार सिंह की मौत के मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
●पति की मौत के बाद धरने में पहुंचीं अनिता, कई बार बिगड़ी तबीयत।
रामअवतार सिंह की पत्नी अनिता सिंह भी धरना स्थल पर पहुंचीं। पति की मौत से वह बेहद भावुक नजर आईं। धरने के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ने और कई बार बेहोश होने की बात सामने आई। उन्होंने घटना में शामिल आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की।
●पुलिस पहुंची तो बड़े अधिकारियों को बुलाने पर अड़ीं महिलाएं।
धरने की सूचना मिलते ही बोझी चौकी प्रभारी हरेंद्र कुशवाहा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने महिलाओं से शिकायती पत्र लेकर उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी महिलाएं बड़े अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़ी रहीं। बाद में आबकारी इंस्पेक्टर मुहम्मद अदनान और स्थानीय पुलिस ने भी महिलाओं से बातचीत कर स्थिति शांत कराने का प्रयास किया।
●चार घंटे बाद अधिकारियों के आश्वासन पर खत्म हुआ धरना।
करीब चार घंटे तक चले धरने के बाद नायब तहसीलदार अमरनाथ मौके पर पहुंचे। महिलाओं ने उन्हें शराब की दुकान हटाने तथा रामअवतार हत्याकांड में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग से संबंधित शिकायती पत्र सौंपा। अधिकारियों ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद महिलाओं ने धरना समाप्त किया।
अब बड़ा सवाल यह है कि आबादी के बीच चल रही शराब की दुकान को लेकर महिलाओं के इस भारी विरोध के बाद प्रशासन क्या कार्रवाई करता है और रामअवतार सिंह की मौत के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी कब होती है।