शनिवार, 12 सितंबर 2026

मऊ :पुलिस मुठभेड़ मे हिस्ट्रीशीटर हुआ गिरफ्तार,महिला से की थी चेन लूट।।||Mau:History-sheeter arrested in police encounter; chain snatcher from woman.||

शेयर करें:
मऊ :
पुलिस मुठभेड़ मे हिस्ट्रीशीटर हुआ गिरफ्तार,महिला से की थी चेन लूट।।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ जनपद के थाना हलधरपुर में महिला से छिनैती के मामले में वांछित हिस्ट्रीशीटर बदमाश की देर रात पुलिस से मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल हालत में गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ के दौरान उसके दो साथी अंधेरे और झाड़ियों का फायदा उठाकर फरार हो गए।
विस्तार : 
क्षेत्राधिकारी मधुबन दिनेश दत्त मिश्रा ने बताया कि 5 सितंबर को चकरा से जमीनसहरुल्ला मार्ग पर महिला से छिनैती की वारदात को मंयक उर्फ प्रिंस यादव ने अपने साथियों के साथ अंजाम दिया था। घटना के बाद से पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी।11/12 सितंबर की रात मुखबिर की सूचना पर हलधरपुर पुलिस ने जमीन बेरुकी की तरफ घेराबंदी कर बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया। पुलिस का दावा है कि घेराबंदी होते ही बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। फायरिंग में थानाध्यक्ष बाल-बाल बच गए।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें मंयक उर्फ प्रिंस यादव के दाहिने पैर में गोली लगी। गोली लगते ही वह घायल होकर गिर पड़ा और पुलिस ने उसे दबोच लिया। घायल बदमाश को उपचार के लिए सीएचसी रतनपुरा भेजा गया।
गिरफ्तार बदमाश के कब्जे से पुलिस ने 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, 9 एमएम का एक खोखा, की-पैड मोबाइल, पीली धातु की एक जोड़ी कान की बालियां और वारदात में प्रयुक्त होंडा शाइन बाइक बरामद करने का दावा किया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मंयक उर्फ प्रिंस यादव (23) पुत्र ओमप्रकाश यादव, निवासी टेघुनिया गोविंदपुर, थाना घोसी, मऊ के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी थाना घोसी का हिस्ट्रीशीटर और शातिर अपराधी है।
मुठभेड़ के दौरान फरार हुए दोनों आरोपियों की पहचान राजा राजभर पुत्र भृगु राजभर निवासी रसड़ी तथा लाला उर्फ योगेन्द्र राजभर पुत्र रामअवतार राजभर निवासी रसड़ी, थाना घोसी के रूप में हुई है। दोनों की तलाश में पुलिस टीमों को लगाया गया है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
पुलिस के अनुसार मंयक उर्फ प्रिंस यादव के खिलाफ दोहरीघाट, मधुबन और सरायलखंसी थानों में रंगदारी, धमकी, आर्म्स एक्ट, चोरी, बरामदगी और गैंगस्टर एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। वर्ष 2021 से 2023 के बीच उसके खिलाफ पांच मुकदमे दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
मामले में पुलिस ने मु0अ0सं0 195/2026, धारा 109(1), 3(5) बीएनएस तथा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मऊ कमलेश बहादुर के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी मधुबन दिनेश दत्त मिश्र के नेतृत्व में हलधरपुर पुलिस टीम द्वारा की गई।
क्षेत्राधिकारी मधुबन दिनेश दत्त मिश्र की बाइट-