शनिवार, 5 सितंबर 2026

मऊ : लटकते बिजली तार की चपेट में आया ई-रिक्शा चालक हुई मौत,घर मे मचा कोहराम।।||Mau: An e-rickshaw driver died after being struck by a hanging electric wire, causing chaos in his home.||

शेयर करें:
मऊ : 
लटकते बिजली तार की चपेट में आया ई-रिक्शा चालक हुई मौत,घर मे मचा कोहराम।।
सरवां हथनी मोड़ पर 440 वोल्ट का तार बना काल, परिजनों ने बिजली विभाग पर लगाया लापरवाही का आरोप।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ जनपद  के सरायलखंसी थाना क्षेत्र के सरवां हथनी मोड़ के पास शनिवार दोपहर लटकते विद्युत तार ने एक ई-रिक्शा चालक की जान ले ली। सड़क के ऊपर नीचे की ओर लटक रहे 440 वोल्ट के बिजली तार की चपेट में आने से ई-रिक्शा चालक गंभीर रूप से झुलस गया। आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
विस्तार
जानकारी के अनुसार थाना रानीपुर क्षेत्र इटौरा खिरिया गांव निवासी 
मृतक राजेश चौहान (36) पुत्र स्व. राजेंद्र चौहान ई रिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था शनिवार वह घर से ई-रिक्शा लेकर चार पैसा कमाने गया हुआ था। वह सरायलखंसी क्षेत्र के सरवां स्थित राज फर्नीचर से सामान लादकर मऊ शहर की ओर जा रहा था। बताया जा रहा है कि सरवां हथनी मोड़ के पास सड़क के ऊपर विद्युत तार काफी नीचे लटका हुआ था। ई-रिक्शा जैसे ही तार के नीचे से गुजरा, राजेश उसके संपर्क में आ गया। तार छूते ही ई-रिक्शा में करंट फैल गया और चालक बुरी तरह झुलस गया।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने किसी तरह राजेश को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही सरायलखंसी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों का आरोप-लापरवाही ने ली जान
राजेश की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने विद्युत विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। उनका कहना है कि यदि बिजली का तार निर्धारित ऊंचाई पर सुरक्षित तरीके से लगाया गया होता तो राजेश की जान नहीं जाती।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भी बिजली विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी है। लोगों ने लटकते विद्युत तारों की जांच कर उन्हें तत्काल दुरुस्त कराने की मांग की है। वहीं, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।