मऊ :
कच्छ से दबोचे गए 25-25 हजार के इनामी गोवध के आरोपी, बाल अपचारी भी पुलिस संरक्षण में।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : गोवध और पशु क्रूरता के मामले में फरार चल रहे 25-25 हजार रुपये के दो इनामी वांछितों पर कोपागंज पुलिस ने शिकंजा कस दिया। पुलिस टीम ने गुजरात के कच्छ जिले के खावड़ा क्षेत्र से मुख्य अभियुक्त को गिरफ्तार किया, जबकि एक बाल अपचारी को भी नियमानुसार पुलिस संरक्षण में लिया गया।
मऊ। अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मऊ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कोपागंज थाना पुलिस ने गोवध अधिनियम और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम से जुड़े मुकदमे में वांछित 25-25 हजार रुपये के घोषित इनामी एक अभियुक्त को गुजरात के कच्छ जिले से गिरफ्तार किया है। वहीं, मामले में शामिल बाल अपचारी को भी पुलिस संरक्षण में लिया गया। गुजरात तक पहुंचकर पुलिस की कार्रवाई से साफ है कि गोवध और पशु क्रूरता से जुड़े मामलों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस का अभियान लगातार जारी है।
विस्तार :
पुलिस के मुताबिक थाना कोपागंज में दर्ज मु0अ0सं0 106/2026, धारा 3/5/8 गोवध अधिनियम एवं धारा 11 पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत दोनों वांछित चल रहे थे। पुलिस टीम ने सुरागरसी करते हुए गुजरात के कच्छ जिले के रे-पार्क, खावड़ा क्षेत्र में दबिश देकर मुख्य अभियुक्त को दबोच लिया।
पुलिस के अनुसार दोनों को 3 सितंबर 2026 को गुजरात के कच्छ जिले से मऊ लाया गया। कार्रवाई के दौरान सर्वोच्च न्यायालय और मानवाधिकार आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन किया गया। बाल अपचारी को नियमानुसार सक्षम न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मऊ कमलेश बहादुर के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी घोसी सत्येन्द्र भूषण तिवारी के निर्देशन में कोपागंज पुलिस टीम ने की। टीम में थानाध्यक्ष राकेश रोहन सिंह समेत पुलिसकर्मी शामिल रहे।
