शनिवार, 26 सितंबर 2026

लखनऊ :बुजुर्ग महिला गैंग रेप हत्या मामले में भतीजा और उसका साथी गिरफ्तार।।||Lucknow:Nephew and his accomplice arrested in the gang rape and murder case of an elderly woman.||

शेयर करें:
लखनऊ :
बुजुर्ग महिला गैंग रेप हत्या मामले में भतीजा और उसका साथी गिरफ्तार।।
दो टूक : लखनऊ के कोतवाली मोहनलालगंज क्षेत्र के एक गांव में 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला की हत्या के मामले का पुलिस ने शुक्रवार को खुलासा करते हुए नामजद भतीजे राजेश उर्फ गुड्डू और उसके साथी हरिराम को गिरफ्तार कर अग्रिम विधिक कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने शराब के नशे में बुजुर्ग महिला से विवाद के बाद जबरन दुष्कर्म करने और विरोध करने पर मारपीट करने की बात स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार, धक्का लगने से महिला लोहे की चारपाई के पाये पर गिर गईं, जिससे सिर के पिछले हिस्से में गंभीर चोट लगने से उनकी मौत हो गई।
विस्तार : 
DCP साउथ मो. मुश्ताक के अनुसार बुधवार देर रात एक प्लाट के पिछले हिस्से में 70 वर्षीय महिला का खून से लथपथ शव पड़ा मिलने की सूचना पुलिस को मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। मृतका के बेटे की तहरीर पर पुलिस ने चचेरे भतीजे राजेश उर्फ गुड्डू और उसके साथी हरिराम के खिलाफ हत्या समेत दुष्कर्म/सामूहिक दुष्कर्म की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था।
पूछताछ में सामने आई वारदात की कहानी
इंस्पेक्टर रामबाबू सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने दोनों नामजद आरोपियों को गुरुवार को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, राजेश ने बताया कि बुधवार देर रात वह अपने साथी हरिराम के साथ चाची के पास शराब पी रहा था। इसी दौरान विवाद हुआ। आरोप है कि नशे में दोनों ने बुजुर्ग महिला के साथ जबरन दुष्कर्म किया। विरोध करने पर मारपीट और धक्का देने से महिला चारपाई के पाये से टकरा गईं और उनकी मौत हो गई।
हत्या के बाद शव झाड़ियों में फेंककर भागे
पुलिस के अनुसार, महिला की मौत के बाद दोनों आरोपी शव को प्लाट के पिछले हिस्से में उगी झाड़ियों के बीच फेंककर मौके से फरार हो गए थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।