सोमवार, 21 सितंबर 2026

लखनऊ : चौदह लाख की लूट में फरार नासिर गिरफ्तार।||Lucknow: Nasir, absconding in the Rs 14 lakh robbery case, arrested.||

शेयर करें:
लखनऊ : 
चौदह लाख की लूट में फरार नासिर गिरफ्तार।।
जमीन सौदे का झांसा देकर पीडित को बुलाकर लिया था लूट।।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के थाना गाजीपुर पुलिस ने ₹14 लाख की लूट के मामले में वांछित 19 वर्षीय अभियुक्त नासिर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने साथियों के साथ मिलकर जमीन खरीदने के बहाने गोरखपुर निवासी युवक को लखनऊ बुलाया और उसके बैग में रखे ₹14 लाख लेकर फरार हो गया था।
विस्तार :
पुलिस के अनुसार, 27 मार्च 2026 को विश्वजीत सिंह जमीन खरीदने के सिलसिले में लखनऊ आए थे। आरोपियों ने उन्हें बातचीत के बहाने “कॉफी डूड” कैफे के पास बुलाया और मौका पाकर उनके बैग से ₹14 लाख लूट लिए। मामले में गाजीपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।
विवेचना के दौरान मुकदमे में धाराओं की तरमीम के साथ आरोपियों की संलिप्तता सामने आती गई। पुलिस अब तक चार अभियुक्तों और एक बाल अपचारी समेत पांच लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं नासिर, विशाल और आलोक की तलाश की जा रही थी।
20 सितंबर को पुलिस को सूचना मिली कि वांछित नासिर नेहरू इन्क्लेव, गोमतीनगर स्थित अपने वर्तमान निवास पर मौजूद है और कहीं जाने की फिराक में है। सूचना पर पुलिस टीम ने दबिश देकर उसे मकान के बाहर से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान नासिर पुत्र सैय्यद नौसाद अहमद, उम्र 19 वर्ष, निवासी लोकनाथपुर बालचंद पट्टी, थाना दोस्तपुर, सुल्तानपुर के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक वारदात का उद्देश्य जमीन के सौदे का झांसा देकर संगठित तरीके से अवैध आर्थिक लाभ हासिल करना था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। उसके आपराधिक इतिहास की भी अन्य थानों और जनपदों से जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।