लखनऊ :
मोहनलालगंज तहसील परिसर में बंदरों का आतंक,अधिवक्ता पर किया हमला।
दो टूक : लखनऊ के मोहनलालगंज तहसील परिसर में कटखने बंदरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। बंदरों के झुंड के चलते अधिवक्ता, वादकारी, कर्मचारी और रजिस्ट्री कराने आने वाले लोग दहशत के साये में काम करने को मजबूर हैं। आए दिन बंदरों के हमले में लोग घायल हो रहे हैं, लेकिन तहसील प्रशासन की ओर से अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया है।
विस्तार :
गुरुवार को मोहनलालगंज तहसील भवन के द्वितीय तल स्थित कार्यालय में परवाना फीडिंग के लिए गए अधिवक्ता सोनू पाल पर अचानक कटखने बंदरों के झुंड ने हमला कर दिया। बंदरों ने उन्हें काटकर घायल कर दिया। घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। शोर सुनकर पहुंचे अन्य अधिवक्ताओं ने किसी तरह बंदरों को भगाया और घायल अधिवक्ता को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।इससे एक दिन पहले बुधवार को भी कटखने बंदरों ने एसडीएम कोर्ट के कर्मचारी सुल्तान पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया था। इससे पहले भी बंदर कई लोगों को काटकर घायल कर चुके हैं।अधिवक्ताओं का कहना है कि तहसील परिसर में लंबे समय से बंदरों का आतंक बना हुआ है। बंदर अक्सर लोगों पर हमला कर देते हैं, जिससे अधिवक्ताओं, कर्मचारियों और वादकारियों की सुरक्षा पर खतरा बना हुआ है। कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद प्रशासन की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
अधिवक्ताओं ने एसडीएम से तहसील परिसर में उत्पात मचा रहे कटखने बंदरों को पकड़वाने तथा लोगों को इस समस्या से जल्द राहत दिलाने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते बंदरों को पकड़ने की कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
