लखनऊ :
पेट्रोल पंप पर दबंगों ने कर्मचारी को लाठी-डंडे से दौड़ा-दौड़ाकर की पीटाई,मचाया उत्पात।।
दो टूक : लखनऊ के थाना बिजनौर क्षेत्र में पेट्रोल पंप पर तेल डालने को लेकर हुई कहासुनी के बाद 5-6 युवकों ने लौटकर कर्मचारी पर हमला कर दिया। आरोप है कि दबंगों ने कर्मचारी को लाठी-डंडे और बेल्ट से दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, जिससे उसके शरीर और कान में गंभीर चोटें आईं। कान से खून निकलने के बाद पीड़ित ने पुलिस से कार्रवाई की गुहार लगाई है।
विस्तार :
राजधानी लखनऊ के थाना बिजनौर रोड स्थित भोला फिलिंग स्टेशन पर कर्मचारी अमन मौर्या के मुताबिक, 9 सितंबर की रात करीब 10:59 बजे दो युवक बाइक संख्या UP32 MW 9176 से पेट्रोल लेने पहुंचे। आरोप है कि दोनों ने जबरन पेट्रोल की पाइप छीनकर अपनी बाइक में तेल डालना शुरू कर दिया। कर्मचारी द्वारा विरोध करने पर दोनों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और वहां मौजूद अन्य ग्राहकों से भी अभद्रता की।
रात अधिक होने के कारण उस समय पेट्रोल पंप पर अमन ही ड्यूटी पर था। आरोप है कि दोनों युवक वहां से चले गए, लेकिन करीब 11:45 बजे 5-6 युवकों के साथ दोबारा लौटे। पीड़ित का आरोप है कि सभी ने मिलकर उसे जान से मारने की धमकी दी और लाठी-डंडों व बेल्ट से दौड़ा-दौड़ाकर पीटा।
मारपीट में अमन के शरीर और कान में गंभीर चोटें आईं तथा कान से खून बहने लगा। घटना के बाद आरोपी UP32 MW 9176 और UP31 CN 0378 नंबर की मोटरसाइकिलों से धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
पीड़ित ने बिजनौर थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर घटना की छानबीन शुरु कर दी है।
