लखनऊ :
उधारी का तकादा पड़ा भारी, कार में अगवा कर बेल्ट-डंडों से पीटा,रिपोर्ट दर्ज।।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के थाना
बिजनौर क्षेत्र में उधारी के रुपये मांगने के नाम पर फेरी लगाने वाले युवक को कार में बैठाकर बंधक बनाने और उसके साथ मारपीट करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित ने अमन उर्फ कार्तिक सिंह समेत चार लोगों पर गाली-गलौज, बेल्ट व डंडे से मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत दर्ज कराई है।
विस्तार :
जानकारी के थाना कैण्ट क्षेत्र सदर बाजार निवासी राजा पुत्र स्व. होरीलाल आशियाना और कैंट क्षेत्र में फेरी लगाकर कपड़े व चादर बेचकर परिवार का पालन-पोषण करता है। पीड़ित के मुताबिक, अमन उर्फ कार्तिक का उसके ऊपर उधार का पैसा था, जिसे वह समय पर वापस नहीं कर सका था। आरोप है कि 24 सितंबर की शाम करीब चार बजे अमन उर्फ कार्तिक अपने तीन साथियों के साथ काले रंग की ब्रेजा कार से मैपल तिराहा के पास पहुंचा और रुपये मांगने लगा।
पीड़ित का आरोप है कि रुपये जल्द देने की बात कहने के बावजूद आरोपियों ने उसे जबरन कार में बैठा लिया और दरवाजा बंद कर गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। डर के चलते राजा ने आरोपियों से कहा कि उसका एक दोस्त सुशांत गोल्फ सिटी में रहता है, वहां से रुपये लेकर दे देगा। आरोपियों के साथ वह दोस्त के कमरे पर पहुंचा, लेकिन दोस्त वहां नहीं मिला।
आरोप है कि इससे नाराज होकर अमन उर्फ कार्तिक और उसके साथियों ने फिर उसके साथ बेल्ट और डंडों से जमकर मारपीट की। पीड़ित के चिल्लाने पर आसपास के लोग मौके की ओर बढ़े तो आरोपी गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। मारपीट में राजा के शरीर पर कई चोटें आई हैं।
बिजनौर पुलिस ने मिली तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन एवं आरोपियों की तलाश मे जुटी हुई है।
