गौतमबुद्धनगर: यमुना एक्सप्रेसवे हादसे के दो दिन बाद ग्रेटर नोएडा में फिर बस अग्निकांड, हॉस्टल के बाहर खड़ी बस बनी आग का गोला!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा। यमुना एक्सप्रेसवे पर चलती बस में आग लगने से 9 लोगों की मौत के दो दिन बाद ग्रेटर नोएडा में एक और बस में भीषण आग लगने की घटना सामने आई है। नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र के नॉलेज पार्क-1 में ग्लोबल कॉलेज के पास आर्यन रेसीडेंसी हॉस्टल के बाहर सड़क किनारे खड़ी एक खाली बस अचानक आग की लपटों में घिर गई। बस में आग लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस से अचानक आग की ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया। घटना की सूचना तत्काल पुलिस और दमकल विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही फायर सर्विस की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
पुलिस के मुताबिक, 25 सितंबर 2026 की रात थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र में आर्यन रेसीडेंसी हॉस्टल की बस संख्या HR55AH1291 सड़क किनारे खड़ी थी। बस में उस समय कोई भी व्यक्ति सवार नहीं था। इसी दौरान अचानक बस में आग लग गई। दमकल विभाग की तीन गाड़ियों की मदद से आग को पूरी तरह बुझा दिया गया।
बड़ा हादसा टला
राहत की सबसे बड़ी बात यह रही कि आग लगने के वक्त बस पूरी तरह खाली थी। इसके चलते घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि, आग की ऊंची लपटों के चलते आसपास के लोगों में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल रहा।
आग लगने का कारण जांच के घेरे में
फिलहाल बस में आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस और संबंधित विभाग की ओर से घटना की जांच की जा रही है। जांच के बाद आग लगने की वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
दो दिन पहले यमुना एक्सप्रेसवे पर हुआ था दर्दनाक हादसा
गौरतलब है कि दो दिन पहले यमुना एक्सप्रेसवे पर चलती बस में भीषण आग लगने से 9 लोगों की मौत हो गई थी। उस दर्दनाक हादसे के बाद अब ग्रेटर नोएडा में खड़ी बस में आग लगने की घटना ने एक बार फिर बसों की सुरक्षा और तकनीकी जांच को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
फिलहाल नॉलेज पार्क की इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है और दमकल विभाग ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया है।।
