विभिन्न कंपनियों ने सुपरवाइजर, हेल्पर, टेक्नीशियन समेत कई पदों पर किया चयन
।। सिद्धेश्वर पाण्डेय।।
दो टूक ,आजमगढ़ । जिले के फूलपुर तहसील क्षेत्र के अंबारी स्थित जनता इंटर कॉलेज में शुक्रवार को सेवा योजन विभाग की ओर से वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। रोजगार मेले में विभिन्न कंपनियों ने अपने स्टॉल लगाकर युवाओं का साक्षात्कार लिया। मेले में करीब चार हजार अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया, जिनमें दो हजार से अधिक अभ्यर्थियों को विभिन्न पदों पर चयनित कर प्रमाणपत्र प्रदान किया गया।
रोजगार मेले में एलएंडटी, एनएसडीसी इंटरनेशनल, बीवीजी, अशोक लेलैंड, कोरोना रेमेडीज, फ्लिपकार्ट, सिनोवा प्राइवेट लिमिटेड और पोखराज हेल्थ केयर समेत दर्जनों कंपनियों ने हिस्सा लिया। कंपनियों की ओर से सुपरवाइजर, हेल्पर, टेक्नीशियन, क्वालिटी चेकर और मशीन ऑपरेटर समेत विभिन्न पदों के लिए अभ्यर्थियों का चयन किया गया।
मुख्य अतिथि भाजपा श्रम प्रकोष्ठ गोरखपुर के क्षेत्रीय संयोजक रमाकांत मिश्रा और विशिष्ट अतिथि भाजपा युवा मंच गोरखपुर के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष रानू प्रताप राजभर ने कहा कि सरकार का उद्देश्य युवाओं को उनकी योग्यता के अनुसार रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। इसी क्रम में प्रदेश के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में वृहद रोजगार मेले आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि युवाओं को सरकारी के साथ-साथ निजी क्षेत्र में भी रोजगार के अवसर मिल सकें।
सहायक निदेशक सेवायोजन राममूर्ति एवं जिला सेवायोजन अधिकारी राहुल गौड़ ने बताया कि मेले में चार हजार अभ्यर्थियों का पंजीकरण हुआ, जिनमें दो हजार से अधिक अभ्यर्थियों का विभिन्न कंपनियों में चयन किया गया और उन्हें प्रमाणपत्र दिए गए।
इस मौके पर वरिष्ठ अनुदेशक अवधेश कुमार, राजेश यादव, प्रदीप यादव, सत्य प्रकाश यादव, अंजली यादव, सलमा बानो, मीनाक्षी शुक्ला समेत अन्य लोग मौजूद रहे। प्रधानाचार्य हरेंद्र प्रताप सिंह ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों के प्रति आभार जताया।
