शुक्रवार, 11 सितंबर 2026

लखनऊ : ट्रेन के आगे कूदकर एरिया सेल्स मैनेजर ने दी जान,मचा हड़कंप।।||Lucknow: Area sales manager committed suicide by jumping in front of a train, causing panic.||

शेयर करें:
लखनऊ : 
ट्रेन के आगे कूदकर एरिया सेल्स मैनेजर ने दी जान,मचा हड़कंप।।
दो टूक : लखनऊ के कोतवाली
मोहनलालगंज क्षेत्र अतरौली रेलवे क्रासिंग के पास गुरुवार शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब एक निजी दवा कम्पनी के एरिया सेल्स मैनेजर ने त्रिवेणी एक्सप्रेस ट्रेन के आगे छलांग लगा दी। ट्रेन की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही जीआरपी और मोहनलालगंज पुलिस मौके पर पहुंची और क्षत-विक्षत शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
विस्तार :
गुरुवार शाम करीब साढ़े पांच बजे मोहनलालगंज क्षेत्र अतरौली रेलवे क्रासिंग के पास त्रिवेणी एक्सप्रेस के सामने एक व्यक्ति के कूदने की सूचना ट्रेन चालक ने स्टेशन मास्टर और जीआरपी को दी। जीआरपी मौके पर पहुंची तो रेलवे ट्रैक के पास शव पड़ा मिला। इसके बाद मोहनलालगंज पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने मौके से मिले मोबाइल फोन के जरिए मृतक के परिजनों से संपर्क किया। कुछ देर बाद मौके पर पहुंची पत्नी रीना ने मृतक की पहचान जयेश चंद्र दुबे (46) के रूप में की। वह न्यू गढ़ौरा, ट्रांसपोर्टनगर, थाना सरोजनीनगर की निवासी हैं।
परिजनों के अनुसार जयेश चंद्र दुबे गोयल वेट फार्मा प्राइवेट लिमिटेड में एरिया सेल्स मैनेजर के पद पर कार्यरत थे। गुरुवार सुबह वह कम्पनी के काम से रायबरेली गए थे। इसके बाद शाम को अतरौली रेलवे क्रासिंग के पास उन्होंने ट्रेन के आगे छलांग लगाकर जान दे दी।
जयेश चंद्र दुबे के परिवार में पत्नी रीना के अलावा बेटी साध्वी और बेटा चन्द्रभूषण हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
मोहनलालगंज इंस्पेक्टर रामबाबू सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया एरिया सेल्स मैनेजर द्वारा ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की स्थिति और कारणों के संबंध में आगे की कार्रवाई की जाएगी।